राज्यसभा सांसद घनश्याम तिवाड़ी।
- फोटो : अमर उजाला
राज्यसभा सांसद घनश्याम तिवाड़ी ने विधायकों प्रबोधन कार्यक्रम को संबोधित करते हुए डिजायर सिस्टम को विधानसभा की अवमानना बताया। लेकिन, इस सिस्टम के बारे में उन्होंने कुछ इस अंदाज में चुटकी ली कि सदन में ठहाके गूंज गए। उन्होंने कहा कि डिजायर सिस्टम विधानसभा की अवमानना है। मैंने अपने 40 साल के करियर में कभी भी ऐसा काम नहीं किया। जब मैं मंत्री रहा तब भी किसी ट्रांसफर के लिए कभी गवर्नमेंट ऑर्डर नहीं निकाला।
इसलिए, मैं कहना चाहता हूं कि आप इसके बिना भी काम कर सकते हैं। इस पर सदन में बैठे विधायकों ने उनसे पूछा तो फिर कैसे किया जाए। इस पर तिवाड़ी तपाक से बोले पर्ची से… यह पर्ची बहुत ही खतरनाक चीज है, जब यह निकलती है तो अच्छे अच्छों के होश उड़ा देती है।
दरअसल, तिवाड़ी का इशारा भाजपा विधायक दल की उस बैठक के लिए था जिसमें पूर्व सीएम वसुंधरा राजे को मुख्यमंत्री के नाम के ऐलान के लिए पर्ची दी गई थी। यह वीडियो सोशल मीडिया पर जबरदस्त तरीके से वायरल हुआ था। पर्ची सिस्टम का जिक्र करने के बाद उन्होंने कहा कि अब मुझे जाना होगा। क्योंकि, मुझे फिर से पर्ची आ गई है। यह पर्ची बहुत ही खतरनाक चीज है।