चोरी का प्रयास करते तीन बदमाश ग्रामीणों के हत्थे चढ़े
- फोटो : अमर उजाला
राजसमंद के राज्यावास गांव में एक सूने मकान में चोरी की कोशिश को मकान मालिक और ग्रामीणों की सतर्कता ने नाकाम कर दिया। पेट्रोल पंप के पास स्थित मकान में देर रात तीन लोग चोरी की नीयत से घुस गए, लेकिन समय रहते सूचना मिलने पर ग्रामीणों ने घेराबंदी कर उन्हें पकड़ लिया।
सामाजिक कार्यक्रम में गया था परिवार
जानकारी के अनुसार, मकान मालिक का परिवार किसी सामाजिक कार्यक्रम में बाहर गया हुआ था। इसी दौरान मकान खाली होने का फायदा उठाकर तीनों संदिग्ध घर में दाखिल हो गए।
रात करीब 12 बजे परिजनों ने मोबाइल पर लगे सीसीटीवी कैमरों के जरिए घर की स्थिति देखी। इस दौरान तीनों लोग ताले तोड़ते हुए नजर आए। स्थिति देखते ही परिजनों ने तुरंत आसपास के लोगों को सूचना दी।
ग्रामीणों ने की घेराबंदी
सूचना मिलते ही ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और मकान को चारों ओर से घेर लिया। इसके बाद तलाशी के दौरान तीनों संदिग्ध मकान के अंदर छिपे मिले, जिन्हें ग्रामीणों ने पकड़ लिया।
पढ़ें- अलवर-दिल्ली दुष्कर्म हत्याकांड: 'राहुल रात को घर में घुस आया, मेरे साथ किया बहुत बुरा काम'; पीड़िता का आरोप
घटना की जानकारी फैलते ही मौके पर बड़ी संख्या में ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। बाद में सूचना मिलने पर कांकरोली पुलिस मौके पर पहुंची और तीनों आरोपियों को हिरासत में ले लिया।
जयपुर और जोधपुर के बताए जा रहे आरोपी
सीआई सरोज बैरवा के अनुसार, पकड़े गए आरोपियों में दो जयपुर और एक जोधपुर का निवासी बताया जा रहा है। पुलिस आरोपियों का आपराधिक रिकॉर्ड खंगालने के साथ पूरे मामले की जांच कर रही है।
पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपियों का किसी अन्य वारदात से संबंध है या नहीं। साथ ही क्षेत्र में पूर्व की घटनाओं से भी इनका संबंध जांचा जा रहा है।