छापली घाट में केमिकल से भरा टैंकर पलटने से लगी भीषण आग
- फोटो : अमर उजाला
राजसमंद जिले के छापली घाट में मंगलवार दोपहर एक बड़ा हादसा सामने आया, जब केमिकल से भरा एक टैंकर अनियंत्रित होकर पलट गया और उसमें भीषण आग लग गई। घटना करीब दोपहर पौने दो बजे की है, जब टैंकर उदयपुर से अजमेर की ओर जा रहा था। टैंकर के पलटते ही उसमें आग भड़क उठी और देखते ही देखते उसने विकराल रूप ले लिया।
सुरक्षा के लिए फोरलेन हाईवे किया गया बंद
आग की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन ने तुरंत फोरलेन हाईवे पर यातायात रोक दिया। आसपास मौजूद लोगों को सुरक्षित दूरी पर रहने के निर्देश दिए गए, ताकि किसी तरह की जनहानि से बचा जा सके। हादसे के बाद पूरे क्षेत्र में अफरातफरी का माहौल बन गया।
पुलिस और दमकल ने संभाला मोर्चा
सूचना मिलते ही दिवेर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित करने में जुट गई। वहीं पुलिस कंट्रोल रूम से सूचना मिलते ही आमेट, राजसमंद और देवगढ़ से कुल 5 फायर ब्रिगेड घटनास्थल पर पहुंचीं। दमकलकर्मियों ने लगातार प्रयास करते हुए करीब दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
पढ़ें- राजस्थान में अनोखी शादी: किसान बेटे ने अमेरिकी इन्वेस्टमेंट बैंकर को बनाया दुल्हन, घाघरा-चोली में देख क्या बोले गांव वाले?
ड्राइवर-खलासी की स्थिति अब भी स्पष्ट नहीं
फिलहाल टैंकर में लगी आग पूरी तरह बुझा दी गई है, लेकिन ड्राइवर और खलासी की स्थिति को लेकर अभी तक स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आई है। टैंकर को हटाने के बाद ही जनहानि की वास्तविक स्थिति का पता चल सकेगा।
घटना के बाद सामान्य हुआ यातायात
करीब दो घंटे तक बंद रहने के बाद फोरलेन हाईवे पर यातायात को धीरे-धीरे सामान्य किया गया। प्रशासन की तत्परता से बड़ी दुर्घटना को टालने में मदद मिली, हालांकि घटना ने सुरक्षा व्यवस्थाओं पर सवाल भी खड़े किए हैं।