जिले में बढ़ती चोरी की वारदातों के मद्देनजर केलवा थाना पुलिस ने एक चोरी की वारदात का पर्दाफाश करते हुए एक बड़े चोर गिरोह का पर्दाफाश करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों ने केलवा क्षेत्र में ही हुई लाखों की चोरियां कबूल की हैं। पुलिस द्वारा सभी पहलुओं पर गहन पूछताछ की जा रही है और पुलिस को उम्मीद है कि चोरी की कई वारदातों का खुलासा हो सकता है।
केलवा थाना प्रभारी लक्ष्मणराम विश्नोई ने बताया कि 2 फरवरी 2025 को बामन टुकड़ा निवासी अमरचंद पुत्र भगवानलाल जोगी ने केलवा थाने पर रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि वे गांव में स्थित पाउडर प्लांट फैक्ट्री में बने मकान में परिवार सहित निवास करते हैं। गत 31 जनवरी को परिवार के साथ अपने गांव उदाखेड़ा गए थे। दो फरवरी को जब परिवार घर लौटा तो मकान के ताले टूटे मिले। बदमाशों ने घर का ताला तोड़कर चांदी के जेवर चुरा लिए। इसमें चांदी का एक कंदोरा, एक जोड़ी पायजेब, हाथ फूल एवं बिछुड़ियां चोरी कर लीं।
पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए टीम का गठन कर अज्ञात चोरों की तलाश शुरू की। गश्त के दौरान दो संदिग्धों पर शक होने पर पूछताछ की तो दोनों ने चोरी की वारदात करना स्वीकार किया। जिसके बाद दोनों आरोपियों रमेशचन्द्र (24) पुत्र गोपीलाल भील और हितेश (21) पुत्र कैलाशचन्द्र गमेती को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने आरोपियों से करीब दो लाख के जेवरात भी बरामद किए हैं। आरोपियों को न्यायालय में पेश किया, जहां से रिमांड पर रखने के आदेश हुए हैं। पुलिस अब अन्य चोरियों के बारे में भी आरोपियों से पूछताछ कर रही है।