Recruitment News: राजस्थान मेडिकल एजुकेशन सोसायटी (राजमेस) और चिकित्सा शिक्षा विभाग ने संविदा भर्ती-2025 में चयनित अभ्यर्थियों के लिए नियुक्ति और पदस्थापन प्रक्रिया शुरू कर दी है। चयनित उम्मीदवार अब “राजहेल्थ पोर्टल” के जरिए ऑनलाइन चॉइस फिलिंग कर अपने पसंदीदा पदस्थापन स्थान का चयन कर सकेंगे।
विभाग के अनुसार यह प्रक्रिया संविदा नर्स ग्रेड-2, लैब टेक्नीशियन, स्पीच थैरेपिस्ट/ऑडियोलॉजिस्ट और फिजियोथैरेपिस्ट पदों पर चयनित अभ्यर्थियों के लिए लागू की गई है। राजस्थान कर्मचारी चयन बोर्ड द्वारा उपलब्ध कराई गई चयन सूची के आधार पर आगे की नियुक्ति प्रक्रिया पूरी की जाएगी।
चॉइस फिलिंग प्रक्रिया 8 मई 2026 से शुरू हो चुकी है और 14 मई 2026 तक चलेगी। विभाग ने स्पष्ट किया है कि तय समय सीमा के बाद पोर्टल स्वतः बंद हो जाएगा और इसके बाद किसी भी अभ्यर्थी को विकल्प भरने का मौका नहीं मिलेगा।
चयनित अभ्यर्थियों को राजहेल्थ पोर्टल (www.rajhealth.rajasthan.gov.in) पर लॉग-इन कर आवश्यक जानकारी और दस्तावेज अपलोड करने होंगे। इसके बाद वे अपने इच्छित पदस्थापन स्थान के विकल्प ऑनलाइन भर सकेंगे।
यह भी पढें-
Kota News: अस्पताल में सिजेरियन ऑपरेशन के बाद बढ़ी चिंता, एक और प्रसूता में किडनी इन्फेक्शन, नवजात की भी मौत
राजमेस ने अभ्यर्थियों को पोर्टल पर उपलब्ध दिशा-निर्देश ध्यान से पढ़ने और सभी सूचनाएं सही व पूर्ण रूप से भरने के निर्देश दिए हैं, ताकि नियुक्ति प्रक्रिया में किसी तरह की तकनीकी या प्रशासनिक समस्या न आए।
आयुक्त चिकित्सा शिक्षा एवं राजमेस निदेशक बाबूलाल गोयल ने बताया कि भर्ती प्रक्रिया को पारदर्शी और अभ्यर्थी हितैषी बनाने के लिए ऑनलाइन विकल्प प्रणाली लागू की गई है। उन्होंने सभी चयनित अभ्यर्थियों से समय सीमा के भीतर चॉइस फिलिंग पूरी करने की अपील की है, ताकि नियुक्ति आदेश समय पर जारी किए जा सकें।