जयपुर के नजदीक जामड़ोली में दूषित खान-पान के शिकार 12 विमंदित बच्चों की मौत के मामले में बुधवार को मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे कलक्टरों को कह रही थीं कि ऐसी घटनाएं बर्दाश्त नहीं की जाएंगी, तभी जयपुर के नजदीक बस्सी में दूषित पानी से 60 लोग बीमार हो गए। इनमें से 16 को जयपुर रैफर किया गया।
राजे ने कहा कि सभी अफसर टीम के रूप में राजस्थान के खुशहाली इंडेक्स को बढ़ाने के लिए काम करें। राजे ने कलेक्टर-एसपी कॉन्फ्रेंस में कहा कि किसी भी हालत में जामड़ोली की तरह बच्चों की मौत जैसी घटना बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने निर्देश दिए कि विमंदित गृहों, समाज कल्याण छात्रावासों, वृद्धाश्रमों में सुविधाओं की नियमित मॉनिटरिंग करें।
अफसर नियमित और औचक निरीक्षण करें। सीएम ने कहा कि इन संस्थानों में पौष्टिक भोजन, शुद्ध पेयजल, चिकित्सा, साफ-सफाई आदि सुविधाओं में कोई कमी नहीं होनी चाहिए। कलेक्टरों से राजे ने कहा कि आपके कामों पर सरकार की पूरी नजर है, लापरवाही, भ्रष्टाचार और निष्क्रीयता के खिलाफ जीरो टॉलरेंस रहेगा।
इधर, बस्सी स्थित जीतवाला के ईंट भट्टों पर दूषित पानी पीने के कारण लोग बीमार हो गए हैं। उल्टी-दस्त की शिकायत के बाद इन्हें अस्पताल में भर्ती करवाया गया। जहां एक दर्जन बच्चों की स्थिति गंभीर होने पर उन्हें जयपुर भर्ती करवाया गया। मामले की जांच के तहत अधिकारियों ने पानी के नमूने ले लिए हैं।