विधानसभा चुनाव के लिए 7,791 मतदान केंद्रों को संवेदनशील चिन्हित किया गया है। इन केंद्रों पर केंद्रीय पुलिस बलों को तैनात किया गया है ताकि शांतिपूर्ण और निष्पक्ष ढंग से मतदान सुनिश्चित किया जा सके। पुलिस महानिदेशक ओ.पी. गल्होत्रा ने बताया कि इसके साथ ही पंजाब, हरियाणा, उत्तर प्रदेश मध्य प्रदेश और गुजरात से लगती अंतरराज्यीय सीमाओं पर नाकेबंदी कर दी गई है।
राजस्थान पुलिस ने निष्पक्ष और शान्तिपूर्ण ढंग से मतदान संपन्न कराने के लिए व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की है। सभी मतदान केन्द्रों पर चाक चौबंद सुरक्षा व्यवस्था के साथ ही 7,791 संवेदनशील बूथों पर केन्द्रीय पुलिस बलों का जाप्ता तैनात किया गया है।
राजस्थान विधानसभा में कुल 200 सीटें हैं। मतदान 199 सीटों पर होगा। अलवर की रामगढ़ सीट से बसपा प्रत्याशी लक्ष्मण चौधरी के निधन के बाद चुनाव स्थगित कर दिया गया है। कुल 2274 प्रत्याशी मैदान में हैं जिनमें 182 महिला प्रत्याशी और 2092 पुरुष प्रत्याशी हैं।
कांग्रेस ने 195 उम्मीदवार मैदान में उतारे हैं। लोकसभा में गठबंधन को ध्यान में रखते हुए दो-दो सीटें लोजद और रालोद के लिए और एक सीट एनसीपी के लिए छोड़ी है। भाजपा ने 199 उम्मीदवार, बसपा ने 190 उम्मीदवार, आप ने 141 उम्मीदवार, भारत वाहिनी पार्टी ने 63 उम्मीदवार, रालोप ने 57 उम्मीदवार उतारे हैं। मैदान में 839 निर्दलीय भी खड़े हैं।