करौली में पेट्रोल-डीजल पर वैट कम करने की मांग को लेकर हड़ताल,
- फोटो : अमर उजाला
राजस्थान पेट्रोल पंप संगठन द्वारा रविवार सुबह 6 से शाम 6 बजे तक हड़ताल की घोषणा की गई है। लेकिन करौली जिले में संगठन की पदाधिकारियों ने खेती किसानी का हवाला देते हुए पेट्रोल खुले रखने की बात कही है। पेट्रोल पंप संचालक राज्य सरकार से पेट्रोल-डीजल पर वैट कम करने की मांग कर रहे हैं। हड़ताल को लेकर पेट्रोल पंप संचालकों ने राज्य सरकार उनकी मांगों की अनदेखी करने और राजस्थान में अन्य राज्यों से अधिक वैट वसूली के आरोप लगाए थे। मांग पूरी नहीं होने पर पेट्रोल पंप संचालकों ने अनिश्चितकालीन हड़ताल की चेतावनी दी है।
करौली पेट्रोल पंप एसोसिएशन अध्यक्ष उदय सिंह ने बताया कि वैट कम करने की मांग को लेकर राजस्थान संगठन द्वारा हड़ताल की घोषणा की गई थी, लेकिन ये समय फसल कटाई का है, जिसके चलते किसानों की परेशानी को देखते हुए जिले में अधिकतर पेट्रोल पंप खुले हैं। पिछली बार 13 सितम्बर से पेट्रोल पम्प संचालकों ने सांकेतिक हड़ताल रखी थी। मांग पूरी नहीं होने पर अनिश्चित कालीन हड़ताल पर चले गए। हालांकि बाद में राज्य सरकार से समझौता होने के कारण हड़ताल स्थगित हो गई थी। लेकिन अभी तक मांग पूरी नहीं हुई।
पेट्रोल पम्प संचालकों का आरोप है कि राजस्थान पेट्रोलियम डीलर्स एसोसिएशन जयपुर की ओर से राज्य सरकार से कई बार पेट्रोल-डीजल पर वैट कम करने की मांग की गई थी। डीलर एसोसिएशन द्वारा राजस्थान के पड़ोसी राज्यों के बराबर वैट वसूलने की मांग कर रहे है। वैट कम करने की कई बार मांग के बावजूद कोई सुनवाई नहीं हुई है। जिससे राज्य के पेट्रोल पंप संचालकों की बिक्री कम हो गई है और राज्य के सीमावर्ती जिले, शहरों में पेट्रोल की कालाबाजारी बढ़ी है। जिससे पेट्रोल पंप संचालकों में रोष व्याप्त है। पेट्रोल पंप खुले होने से जिले में वाहन चालकों ने राहत की सांस ली है।