भरतपुर के सिहावली गांव में पुणे पुलिस ने दबिश देकर 24 साल के रिजवान असलम खान को गिरफ्तार किया है। आरोपी युवक ने महाराष्ट्र के सोलापुर जिले के मोहोल से एनसीपी विधायक यशवंत माने को सेक्सटॉर्शन के लिए कॉल कर धमकी दी थी।
आरोपी युवक ने विधायक को व्हाट्सएप पर 23 जनवरी से कई अश्लील मैसेज भेजे, विधायक ने नजरअंदाज किया, तो उसने 31 जनवरी को वीडियो कॉल कर दिया। वीडियो कॉल को रिकॉर्ड कर विधायक का चेहरा किसी महिला के अश्लील वीडियो के साथ में एडिट कर जोड़ने और फिर उस अश्लील वीडियो को सोशल मीडिया पर अपलोड करने की धमकी देकर एक लाख रुपये मांगे।
रुपए नहीं देने पर विधायक के परिचितों को अश्लील वीडियो भेजने की धमकी दी...
आरोपी युवक ने रुपये नहीं देने पर विधायक के परिचितों को अश्लील वीडियो भेजने की भी धमकी दी। एनसीपी विधायक को इस साइबर ठग युवक ने यह भी कहा, आप बड़े इज्जतदार हो और पैसे से ज़्यादा आपको अपनी इज्जत प्यारी है। इस धमकी के बाद विधायक ने पुणे पुलिस में इस पूरे घटनाक्रम की जानकारी देते हुए मामला दर्ज करवा दिया।
भरतपुर में एक सप्ताह तक पुलिस ने सर्च ऑपरेशन चलाकर पकड़ा ठग...
जांच में जुटी पुणे पुलिस की तकनीकी टीम ने आरोपी की पहचान भरतपुर निवासी के रूप में की। पुलिस ने भरतपुर में करीब एक सप्ताह तक आरोपी की तलाश में सर्च ऑपरेशन चलाया। भरतपुर की स्थानीय पुलिस की मदद से आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया। बताते चलें, मेवात में लगातार साइबर ठगी के मामले उजागर हो रहे हैं। देश के अलग अलग राज्यों में ये आरोपी ठगी और ब्लेकमेलिंग का जाल फैला रहे हैं। पिछले दोनों सीएम अशोक गहलोत ने भी चिंता जताते हुए कहा था कि भरतपुर और अलवर साइबर ठगी में जामताड़ा बनते जा रहे हैं।
क्या कहना है पुणे पुलिस का...
पुणे पुलिस ने जानकारी दी कि आरोपी युवक के मोबाइल में स्क्रीन रिकॉर्ड किए गए 90 अश्लील वीडियो बरामद हुए हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है। आरोपी ने विधायक माने का मोबाइल नंबर सोशल मीडिया से हासिल कर उनसे वाट्सएप पर संपर्क किया था। इसके बाद उन्हें जाल में फंसाने की कोशिश की और रंगदारी की मांग करने लगा। पुणे शहर में रहने वाले मोहोल के मौजूदा विधायक यशवंत विठ्ठल माने ने इस आरोपी के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि सोशल मीडिया से नंबर लेकर आरोपी उन्हें अश्लील मैसेज भेजता ह। साथ ही रिकॉर्डेड वीडियो कॉल, फेसबुक, व्हाट्सएप हर जगह भेजकर बदनाम करने की धमकी देते हुए एक लाख रुपये की मांग की गई है।
गिरफ्तार रिजवान असलम खान मूल रूप से ग्राम सिंघली महाराज, भरतपुर का निवासी है। प्रारंभिक जांच में पता चला कि वह अपराध में सक्रिय रूप से शामिल था। उसके और भी साथी इसमें लिप्त हैं, आरोपी के पास से कुल चार मोबाइल सिम कार्ड बरामद हुए हैं। उसे कोर्ट ने पांच दिन की पुलिस कस्टडी में दिया है। उससे कड़ाई से पूछताछ की जा रही है। ठगी की अन्य वारदातों का भी पता लगाया जा रहा है।