राजनीति में खरीद-फरोख्त ठीक नहीं: सीएम गहलोत
मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कहा कि हमारे कुछ साथी भाजपा के जाल में फंस गए। उन्हें पैसे का लालच दिया गया। उन्होंने कहा कि राजनीति में खरीद फरोख्त ठीक नहीं है। ये लोकतंत्र के लिए खतरा है।
विधायक हेमाराम चौधरी के आवास पर चिपका नोटिस
कांग्रेस पार्टी ने हाल ही में कांग्रेस विधायक दल की बैठकों में शामिल नहीं होने के लिए विधायक हेमाराम चौधरी के बाड़मेर के गुड़ामालानी में स्थित उनके आवास पर नोटिस चिपकाया है। उन्हें दो दिन के भीतर नोटिस का जवाब देना है।
वार्ता के लिए दरवाजे आज भी खुले हैं
राजस्थान कांग्रेस प्रभारी अविनाश पांडे ने कहा है कि भगवान सचिन पायलट को ज्ञान दें और वह सरकार को गिराने की कोशिश न करें। उन्हें अपनी गलती स्वीकार करनी चाहिए। वार्ता के लिए दरवाजे उनके लिए हमेशा खुले थे और आज भी खुले हैं। लेकिन, अब वह इस सब से आगे निकल गए हैं, इसलिए ये चीजें अब मायने नहीं रखती हैं।
अगर दो दिन में नहीं दिया जवाब, तो माना जाएगा सदस्यता ले रहे हैं वापिस: पांडे
राजस्थान कांग्रेस प्रभारी अविनाश पांडे ने कहा है कि कांग्रेस विधायक दल की बैठकों में शामिल नहीं होने के लिए सचिन पायलट और पार्टी के 18 अन्य सदस्यों को नोटिस जारी किया गया। यदि वे 2 दिनों के भीतर जवाब नहीं देते हैं, तो यह माना जाएगा कि वे सीएलपी से अपनी सदस्यता वापस ले रहे हैं।
कांग्रेस ने 19 विधायकों को भेजा नोटिस
कांग्रेस ने 19 विधायकों को नोटिस भेजा है। इन सभी विधायकों से 17 जुलाई तक जवाब मांगा है। बताया गया है कि यह नोटिस विधायकों की सदस्यता खत्म करने के लिए भेजा गया है।
मुझे विकास का काम करने का मौका नहीं दिया गया
सचिन पायलट ने इंडिया टुडे मैगजीन को दिए साक्षात्कार में कहा है, मैंने किसी भी विशेष ताकत की मांग नहीं की। मैं केवल इतना चाहता था कि सरकार अपने वादे पूरे करे। उन्होंने कहा कि मुझे विकास का काम करने का मौका नहीं दिया गया।
पायलट ने सीएम गहलोत पर आरोप लगाया कि सत्ता में आने के बाद उन्होंने अपना कोई वादा पूरा नहीं किया। अफसरों को मेरे आदेश ना मानने को कहा गया। उन्होंने कहा कि मेरे पास कोई भी फाइल नहीं आती थी।