पायलट की बगावत के बाद लगातार हो रहे इस्तीफों के बीच प्रदेश कांग्रेस प्रभारी अविनाश पांडेय ने राजस्थान प्रदेश कार्यकारिणी को तत्काल प्रभाव से भंग कर दिया है। इसके साथ ही पार्टी के सभी संगठनों, विभागों, मोर्चों को भी भंग कर दिया गया। पांडेय ने कहा, नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष नए सिरे से संगठन का गठन करेंगे। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि पार्टी का कोई भी नेता बिना प्रदेश अध्यक्ष की अनुमति के मीडिया कोई बयान नहीं देगा।
राजस्थान संकटः मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के आवास पर मंत्रिमंडल की बैठक हो रही है। बताया जा रहा है कि इस दौरान बड़े फैसले लिए जा सकते हैं।
सचिन पायलट ने ट्वीट कर कहा, उन सभी को मेरा हार्दिक धन्यवाद और आभार, जो आज मेरे समर्थन में सामने आए। राम राम सा !'
सचिन पायलट को राजस्थान के उप मुख्यमंत्री और प्रदेश कांग्रेस कमेटी के पद से हटाए जाने के बाद कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने पार्टी अध्यक्ष सोनिया गांधी से मुलाकात की। पायलट को हटाए जाने की घोषणा के कुछ देर बाद प्रियंका सोनिया के आवास 10 जनपथ पहुंचीं। माना जा रहा है कि दोनों ने राजस्थान के ताजा घटनाक्रम और आगे की रणनीति पर चर्चा की।
राजस्थान में चल रहे राजनीतिक संकट के बीच भारतीय ट्राइबल पार्टी (बीटीपी) ने अपने दोनों विधायकों से तटस्थ रहने को कहा है। पार्टी ने दोनों विधायकों के लिए सदन में शक्ति परीक्षण के दौरान न तो कांग्रेस और न ही भाजपा के पक्ष में वोट देने का व्हिप जारी किया है। इसी बीच बीटीपी विधायक राजकुमार रोत ने एक वीडियो जारी किया है जो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है। जिसमें उन्होंने कहा कि वर्तमान सियासी घटनाक्रम को देखते हुए बिटीपी विधायकों को कैद कर रखा है। मं जब अपने क्षेत्र के लिए रवाना हुआ तो पुलिस ने राजकुमार रोत को कैद कर लिया और गाड़ी की चाबी भी पुलिस प्रशासन ने ले ली।
राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कहा, 'हाईकमान को फैसला लेने के लिए मजबूर किया गया था क्योंकि लंबे समय से भाजपा साजिश कर रही थी और वे खरीद-फरोख्त कर रहे थे। हमें पता था कि यह एक बड़ी साजिश है। अब हमारे कुछ दोस्त इसकी वजह से भ्रमित हो गए और दिल्ली चले गए। सचिन पायलट के हाथ में कुछ नहीं है, यह भाजपा ही है जो शो चला रही है। भाजपा ने उस रिसॉर्ट की व्यवस्था की है और वे सब कुछ संभाल रहे हैं। मध्यप्रदेश में काम करने वाली वही टीम यहां काम कर रही है।'
उप मुख्यमंत्री और प्रदेशाध्यक्ष पद से हटाए जाने के बाद सचिन पायलट ने ट्विटर पर अपना प्रोफाइल बदल लिया है। अब उन्होंने अपने प्रोफाइल में लिखा है, टोंक विधायक। भारत सरकार में आईटी, दूरसंचार और कॉर्पोरेट मामलों के पूर्व मंत्री। टेरिटोरियल आर्मी में कमीशंड अधिकारी।'
उपमुख्यमंत्री और प्रदेशाध्यक्ष पद से हटाए जाने के बाद सचिन पायलट ने ट्वीट कर कहा, 'सत्य को परेशान किया जा सकता है पराजित नहीं।'
राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत मंगलवार को राज्यपाल कलराज मिश्र से मिलने के लिए जयपुर स्थित राजभवन पहुंचे।
पायलट से छीना उपमुख्यमंत्री पद और प्रदेशाध्यक्ष का पद
राजस्थान में अशोक गहलोत और सचिन पायलट के बीच कुछ दिनों से तनातनी दिखाई दे रही है। इसी बीच कांग्रेस पार्टी ने पहले पायलट को मनाने की भरपूर कोशिश की। लेकिन जब वे नहीं माने तो अब उनसे उपमुख्यमंत्री पद और प्रदेशाध्यक्ष का पद छीन लिया गया है। वहीं दूसरी ओर मुख्यमंत्री गहलोत ने राजभवन पहुंचकर राज्यपाल कलराज मिश्र से मुलाकात की।