कुएं से युवक का शव निकालते ग्रामीण
- फोटो : अमर उजाला
भरतपुर वैर थाना क्षेत्र के गांव गौठरा के नगला में शुक्रवार को एक दर्दनाक हादसा सामने आया। यहां नींबू की बगीची में काम कर रहे एक श्रमिक युवक पर मधुमक्खियों के झुंड ने हमला कर दिया। हमले से बचने के दौरान युवक असंतुलित होकर बगीची में स्थित कुएं में जा गिरा। हादसे में उसकी मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार वैर कस्बा निवासी पूरन प्रजापत गौठरा के नगला में ठेके पर ली गई नींबू की बगीची में शुक्रवार दोपहर बाद नींबू तोड़ने का काम कर रहा था। इसी दौरान अचानक मधुमक्खियों के झुंड ने उस पर हमला कर दिया। मधुमक्खियों से बचने के लिए पूरन इधर-उधर भागने लगा। इसी दौरान वह असंतुलित होकर बगीची में स्थित खुले कुएं में गिर गया। युवक के कुएं में गिरने की आवाज सुनकर आसपास की बगीचियों में काम कर रहे लोग मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों ने घटना की सूचना पूरन के परिजनों और वैर थाना पुलिस को दी।
ये भी पढ़ें: Rajasthan: अलवर में आवारा कुत्ते का आतंक, 5 साल की मासूम पर जानलेवा हमला; सिर पर लगे 7 टांके
सूचना मिलते ही वैर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस और ग्रामीणों की मदद से कुएं में गिरे पूरन प्रजापत को बाहर निकाला गया और तत्काल वैर के सरकारी अस्पताल पहुंचाया गया। वहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
इसके बाद पुलिस ने मृतक के शव का पोस्टमार्टम करवाया और शव परिजनों को सौंप दिया। हादसे के बाद मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। अचानक हुई इस घटना के बाद मृतक के परिजनों और इलाके में गंभीर माहौल है।