सीकर की फतेहपुर सदर थाना पुलिस ने नाकाबंदी के दौरान दो बदमाशों को गिरफ्तार कर दो बाल अपचारियों को निरुद्ध किया है। सभी आरोपी बिना नंबर की कैंपर गाड़ी में घूम रहे थे। पुलिस ने उनके पास से देशी कट्टा और तीन कारतूस भी बरामद किए हैं। आरोपी किसी वारदात को अंजाम देने के लिए निकले थे। वे ऐसा कुछ कर पाते उससे पहले पुलिस के हत्थे चढ़ गए। पुलिस आरोपियों से गहनता से पूछताछ में कर रही है।
सीकर एसपी कुंवर राष्ट्रदीप ने बताया कि गुरुवार को थानाधिकारी फतेहपुर सदर लक्ष्मी नारायण के नेतृत्व में रोलसाहबसर हुडेरा रोड पर नाकाबंदी की गई थी। इस दौरान मुखबिर की सूचना पर एक संदिग्ध बिना नंबर की बोलेरो कैंपर गाड़ी को रोका गया। इसमें चार संदिग्ध युवक बैठे थे।
चारों युवकों के पास से एक देशी कट्टा और तीन जिंदा कारतूस मिले। पुलिस ने गांव रुकनसर थाना रामगढ़ सेठन निवासी जितेंद्र उर्फ जीतू रुकनसर (23) पुत्र मोहन लाल मेघवाल और गांव गोड़िया बड़ा थाना सदर फतेहपुर सीकर निवासी जितेंद्र उर्फ जीतू गोड़िया पुत्र कुरडा राम जाट (23) को गिरफ्तार कर दो नाबालिग को निरुद्ध किया गया।
एसपी राष्ट्रदीप ने बताया कि जितेंद्र उर्फ जीतू रुकनसर के विरुद्ध पूर्व में मारपीट, लूट, हत्या का प्रयास, आर्म्स एक्ट और जीतू गोड़िया सहित दोनों बाल अपचारियों के खिलाफ मारपीट व तोड़फोड़ के केस दर्ज हैं।