पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत का पलटवार
- फोटो : अमर उजाला
टोंक में भाजपा के प्रदेश प्रभारी राधामोहन दास अग्रवाल के बयान के बाद राजस्थान की सियासत एक बार फिर गरमा गई है। उन्होंने टोंक विधायक सचिन पायलट पर तंज कसते हुए उन्हें बहुरूपिया बताया और कहा कि उनकी एक टांग कांग्रेस में है, दूसरी कहीं और।
जयपुर एयरपोर्ट पर इस बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने पलटवार किया। गहलोत ने कहा कि पायलट की दोनों टांगे कांग्रेस में हैं और कांग्रेस में ही रहेंगी। उन्होंने मानेसर प्रकरण का जिक्र करते हुए कहा कि जो लोग पहले गुमराह करके नेताओं को वहां ले गए थे, उनकी कोशिशें अब सफल नहीं होंगी।
ये भी पढ़ें: Rajasthan: 'कार्यकर्ता ही पार्टी की असली ताकत', टोंक में भाजपा कार्यालयों के उद्घाटन के दौरान बोले नितिन नवीन
गहलोत ने यह भी कहा कि पायलट को अब उस दौर से सबक मिल चुका है और वे समझ गए हैं कि ऐसी राजनीतिक गलतियों के क्या नतीजे होते हैं। उन्होंने भरोसा जताया कि अब पायलट पार्टी के साथ मजबूती से खड़े हैं और कांग्रेस पूरी तरह एकजुट है।
बता दें कि पहले फॉरगेट एंड फॉरगिव की बात कह चुके गहलोत बीच-बीच में मानेसर प्रकरण की याद दिलाते रहते हैं, जिसे राजनीतिक जानकार अंदरूनी रणनीति से जोड़कर देख रहे हैं। अब इस पूरे घटनाक्रम पर पायलट की प्रतिक्रिया का इंतजार है, जिससे प्रदेश की सियासत का अगला रुख तय हो सकता है।