किशनगढ़ में पूर्व पार्षद चाचा ने भतीजे की गोली मारकर हत्या कर दी।
- फोटो : अमर उजाला
राजस्थान की मार्बल सिटी किशनगढ़ में दिनदहाड़े हुई फायरिंग की घटना के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया पूर्व पार्षद सुरेश यादव ने अपने ही भतीजे ट्रांसपोर्ट व्यवसायी अशोक यादव पर फायरिंग कर दी। इससे अशोक यादव की मौके पर ही मौत हो गई। फायरिंग की घटना के बाद पूर्व पार्षद मौके से फरार हो गया, जिसे बाद में पुलिस ने हिरासत में ले लिया।
बताया जाता है कि कई वर्षों से चाचा-भतीजा में जमीन को लेकर विवाद था। सूचना मिलते ही गांधीनगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। युवक को मार्बल सिटी अस्पताल पहुंचाया गया। चिकित्सकों ने जांच के बाद अशोक यादव को मृत घोषित कर दिया। विधायक सुरेश टाक भी राजकीय यज्ञनारायण अस्पताल पहुंचे। मृतक के परिजनों को ढांढस बंधाया। गांधीनगर थाना पुलिस ने आरोपी को डिटेन कर लिया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है ।
मां के साथ जा रहा था अशोक यादव
किशनगढ़ के सरदार सिंह की ढाणी रोड पर बाइक से अशोक यादव अपनी मां को लेकर जा रहे थे। पीछे से आ रहे पूर्व पार्षद सुरेश यादव ने अपनी कार से बाइक को टक्कर मार दी। इससे अशोक यादव घायल हो गया। कार से अशोक यादव को बहुत दूर तक घसीटा। इसके बाद अशोक पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। इससे उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया। जिला स्पेशल टीम व एफएसएल की टीम भी मौके पर पहुंची। मौके से बुलेट के तीन खोल बरामद किए हैं।
वीडियो भी हुआ वायरल
घटनास्थल का वीडियो भी वायरल हो रहा है। इसमें मृतक अशोक यादव की मां रोते हुए मदद की गुहार करती नजर आ रही है। सूचना मिलते ही गांधीनगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। मामले की गंभीरता देखते हुए पुलिस के आला अधिकारी भी राजकीय अस्पताल पहुंचे।
सुरेश और अशोक में दुकान पर हुआ था झगड़ा
पूर्व पार्षद सुरेश यादव और उसके भतीजे अशोक यादव का पूर्व में भी ट्रांसपोर्ट की दुकान पर झगड़ा हुआ था। जमीनी विवाद के चलते कई वर्षों से दोनों परिवारों में रंजिश है।