तालाब में सर्च ऑपरेशन करते हुए सिविल डिफेंस की टीम
- फोटो : अमर उजाला
डीग जिले के कुम्हेर थाना इलाके के गांव गुनसारा गांव के एक तालाब में सुबह से एक युवती की तलाश की जा रही है। तालाब के पास युवती का दुपट्टा और चप्पल मिली थी। जानकारी मिली है कि युवती रात के समय घर से निकल कहीं चली गई थी। सवेरे युवती के परिजनों ने उसके घर पर नहीं मिलने पर गांव में उसकी तलाश शुरू की।
लापता युवती रजनी के परिजनों का कहना है कि कल रात परिजनों के साथ खाना खाने के बाद वह सोने चली गई थी लेकिन सवेरे जब परिवार के लोग उठे तो वह घर पर नहीं थी, इसके बाद परिवार के लोग पूरे गांव में उसे ढूंढने लगे। इसी दौरान परिजनों को गांव के तालाब के पास रजनी की चप्पल और दुपट्टा पड़ा मिला, इसके बाद परिजनों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर सिविल डिफेंस की टीम को घटना की सूचना दी। सिविल डिफेंस की टीम तालाब में सर्च ऑपरेशन कर रही है लेकिन खबर लिखे जाने तक रजनी का कुछ पता नहीं लग पाया है।