हंगामा कर रहे परिजनों को समझाइश देते अधिकारी।
- फोटो : सोशल मीडिया
राजस्थान के टोंक जिले के मालपुरा कस्बे में दो दिन से लापता 15 वर्षीय बालक का शव बंब तालाब में मिला। परिजन पोस्टमार्टम नहीं कराने की मांग को लेकर अड़े रहे। इस पर अधिकारियों ने समझाइश दी और मामले को शांत कराया। लोगों ने इस मामले की जांच कराने और मुआवजे की मांग की है।
कस्बा मालपुरा के बंब तालाब में गुरुवार को एक लाश दिखाई दी। लोगों ने पुलिस को सूचना दी। थानाधिकारी कैलाश विश्नोई मौके पर पहुंचे। उन्होंने वहां किशोर का शव उतराते देखा। शव की शिनाख्त नवेद पुत्र अब्दुल्ला निवासी मोहल्ला सादात के तौर पर हुई है। वह दो दिन से लापता था। घटना की सूचना मिलते ही सैकड़ों लोग मौके पर पहुंचे। घटना को लेकर लोगों में आक्रोश है।
सीसीटीवी बंद पड़े हैं
हंगामा करने वाले लोगों का कहना था कि सीसीटीवी फुटेज उपलब्ध कराए जाएं। कई जगह सीसीटीवी कैमरे बंद पड़े हैं। पुलिया निर्माण भी नहीं हुआ है। लोग इस बात को लेकर अड़े थे कि जब तक उनकी मांग पूरी नहीं होगी, तब तक पोस्टमॉर्टम नहीं करने देंगे। अधिकारियों ने समझाइश दी तब मामला आगे बढ़ा। एएसपी राकेश बेरवा, डीएसपी सुशील मान समेत थानाधिकारी ने लोगों को समझाइश दी। लोगों ने इस मामले की गहनता से जांच कराने और परिजनों को मुआवजा देने की मांग की है। अधिकारियों ने आश्वासन दिया, तब जाकर मामला शांत हुआ।