बालाजी के दर्शनों के लिए मेहंदीपुर आना एक परिवार के लिए भारी पड़ गया। दरअसल, बीती शाम जिले के मेहंदीपुर बालाजी मोड़ पर चाय पीने के लिए रुके भरतपुर निवासी दिनेश के 8 वर्षीय बेटे समर का किसी ने अपहरण कर लिया।
समर की मां ने जानकारी देते हुए बताया कि कल शाम लगभग 7:30 बजे वे अपनी गाड़ी से भरतपुर से मेहंदीपुर बालाजी पहुंचे थे, लेकिन बालाजी मोड़ पर जब चाय पीने के लिए गाड़ी से उतरे तो बेटा समर गाड़ी में ही बैठा हुआ था। चाय पीकर लौटने पर समर गाड़ी में नहीं मिला। आसपास तलाश करने पर भी जब समर का कोई पता नहीं चला तो उसके माता-पिता ने समर के गुम होने की रिपोर्ट मेहंदीपुर बालाजी थाना में दर्ज करवाई।
मेहंदीपुर बालाजी थाना अधिकारी बुद्धि प्रकाश ने बताया पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है। साथ ही आसपास के इलाकों में छानबीन भी कर रही है। हालांकि सीसीटीवी कैमरों से पुलिस को कुछ जानकारी जरूर मिली है लेकिन फिलहाल पुलिस ने इसका खुलासा नहीं किया है। पुलिस का कहना है की बच्चे का शीघ्र पता कर उसे उसके माता-पिता के पास पहुंचा दिया जाएगा।