सिरोही जिले में पिंडवाड़ा पुलिस द्वारा की गई कार्रवाई में उदयपुर सड़क मार्ग पर नाकाबंदी के दौरान करीब साढ़े चालीस किलो डोडा पोस्त जब्त की गई। इस संबंध में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर तीन कट्टों में भरा डोडा पोस्त जब्त किया है। आरोपी ये कट्टे कार में भरकर ले जा रहे थे।
पुलिस द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार जिला पुलिस अधीक्षक ज्येष्ठा मैत्रेयी के निर्देशन में चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत पिंडवाड़ा थानाधिकारी सीताराम की अगुवाई में टीम द्वारा उदयपुर फोरलेन स्थित मोरस चौकी पर नाकाबंदी की गई थी। उस दौरान पुलिसकर्मियों द्वारा उदयपुर की तरफ से आ रही पाली पासिंग एक कार को रुकवाकर तलाशी ली गई तो उसमें 3 कट्टों में भरा 40.5 किलोग्राम डोडा पोस्त बरामद किया गया।
पुलिस ने डोडा पोस्त एवं कार जब्त कर चेनाराम विश्नोई एवं भलाराम पुत्र पूनाराम पटेल निवासी जोधपुर को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।