राजस्थान के चूरू जिले के तारानगर में 18 साल की युवती के साथ दुष्कर्म का मामला सामने आया है। युवती करीब ढाई साल पहले युवक से फोन पर बात करती थी, लेकिन बाद में उसने बात करना बंद कर दिया। इसके बाद से युवक उसे लगातार परेशान कर रहा था और बात करने का दबाव बनाता था, लेकिन युवती उससे कोई संपर्क नहीं रखना चाहती थी।
बीते शुक्रवार को युवती किसी काम से अपने खेत पर गई थी। इस दौरान युवक भी वहां आ गया और उसके साथ दुष्कर्म किया। जाते-जाते युवक ने युवती को धमकी दी कि तेरी जैसी को जब चाहूं उठा लूंगा, कोई मेरा कुछ नहीं कर सकता। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
साहवा थाना पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार रैयाटुंडा गांव की रहने वाले 18 साल की युवती ने गांव के एक युवक के खिलाफ दुष्कर्म का केस दर्ज कराया है। पुलिस को दी अपनी शिकायत में उसने बताया कि करीब ढाई साल पहले वह गांव के विकास नाम के युवक से फोन पर बात करती थी, लेकिन बाद में उसने विकास से बात करना बंद कर दिया।
साथ ही उसे दोबारा कॉल नहीं करने की चेतावनी भी दी। इसके बाद से आरोपी युवक उसे कॉल कर परेशान करता था। बीते तीन महीने से पीड़िता के घर से बाहर आते ही उसका पीछा कर रहा था और बात करने का भी दबाव बना रहा था। धमकी देते हुए कहता था कि अगर तुमने मेरी बात नहीं मानी तो ढाई साल पहले की गईं बातों का ऑडियो वायरल कर दूंगा। इससे तुम्हारी और तुम्हारे परिवार की बदनामी होगी।
पीड़िता ने अपनी शिकायत में कहा कि आरोपी धमकी देकर उसे मिलने आने के लिए दबाव बना रहा था, लेकिन वह उससे मिलने नहीं गई। डर के कारण उसने इसकी जानकारी अपने परिवार को भी नहीं दी। पीड़िता ने बताया कि शुक्रवार सुबह करीब 10 बजे लकड़ियां लाने के लिए वह खेत पर गई थी। इस दौरान विकास भी उसके पीछे आ गया। अकेला देखकर वह मेरे साथ गलत हरकत करने लगा, शोर मचाने पर उसने मुहं में ठूंस दिया और फिर मेरे साथ दुष्कर्म किया।
जाते समय आरोपी विकास ने पीड़िता को धमकी और जाती सूचक गालियां देते हुए कहा कि तू मेरा कुछ नहीं बिगाड़ सकती, तेरी जैसी को जब चाहूं उठाकर ले जा सकता हूं। अगर, तुमने घर जा किसी को कुछ बताया तो तेरी कॉल रिकॉर्डिंग सार्वजनिक कर दूंगा। दुष्कर्म के कारण डरी पीड़िता बहुत देर तक खेत में ही पड़ी रही। काफी देर होने पर उसका भाई उसे देखने आया, जिसके बाद वह उसे घर ले गया। वहां जाकर पीड़िता ने परिजनों को घटना की जानकारी दी। जिसके बाद परिजन बेटी के साथ थाने पहुंचे और आरोपी विकास के खिलाफ केस दर्ज कराया। पुलिस ने पीड़िता की शिकायत पर केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।