राजस्थान में पांच नगर निगमों समेत 273 नगरीय निकायों के प्रमुखों के चुनाव के लिए सोमवार सुबह 10 बजे से मतदान शुरू होगा। राज्य निर्वाचन आयोग ने मतदान की सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। दोपहर बाद मतदान होते ही मतगणना शुरू होगी और चुनाव नतीजों की घोषणा कर दी जाएगी।
प्रदेश के कुल 305 नगरीय निकायों में से 32 निकायों में अध्यक्ष निर्विरोध चुने जा चुके हैं, जबकि चार निकायों में चुनाव 25 सितंबर को कराया जाएगा। चुनाव के मद्देनजर भारतीय जनता पार्टी और कांग्रेस ने अपने पार्षदों की बाड़ाबंदी की है।
सीधे मुकाबले का गणित
राज्य निर्वाचन विभाग के अनुसार, प्रदेश के 305 नगरीय निकायों में नौ और 11 सितंबर को दो चरणों में चुनाव कराए गए थे। इनमें से 32 निकायों में अध्यक्ष पद पर निर्विरोध निर्वाचन हुआ है। इनमें भारतीय जनता पार्टी के 28, कांग्रेस के दो और भारतीय जनता पार्टी समर्थित दो निर्दलीय उम्मीदवार शामिल हैं।
देश के 10 नगर निगमों में से भरतपुर और भीलवाड़ा में भारतीय जनता पार्टी की महिला उम्मीदवार निर्विरोध महापौर चुनी गई हैं। भीलवाड़ा में जसवंत कंवर और भरतपुर में अनुराधा निर्विरोध महापौर बनी हैं। इसके अलावा छह नगर परिषद और 24 नगर पालिकाओं में भी अध्यक्ष निर्विरोध चुने गए हैं। प्रदेश के 201 नगरीय निकायों में अध्यक्ष पद के लिए सीधा मुकाबला देखने को मिल रहा है। इनमें 172 नगर पालिकाएं, 24 नगर परिषद और पांच नगर निगम शामिल हैं।
पांच नगर निगमों में सोमवार को फैसला
सोमवार को प्रदेश के पांच नगर निगमों में महापौर पद का फैसला होगा। उदयपुर नगर निगम के 80 वार्डों में से भारतीय जनता पार्टी के 53 पार्षद हैं, जहां पार्टी के पारस सिंघवी का मुकाबला कांग्रेस की डॉ. पूनम कंवर से है।
बीकानेर नगर निगम के 80 वार्डों में कांग्रेस के 42, भारतीय जनता पार्टी के 27 और अन्य 11 पार्षद हैं। यहां भारतीय जनता पार्टी के सुरेंद्र सिंह का मुकाबला कांग्रेस के अनिल कल्ला से है।
अलवर नगर निगम के 65 वार्डों में भारतीय जनता पार्टी के 28 और कांग्रेस के 23 पार्षद हैं, जहां भारतीय जनता पार्टी की सुमनलता अग्रवाल और कांग्रेस के कमलेश शर्मा आमने-सामने हैं।
पाली नगर निगम के 65 वार्डों में कांग्रेस के 29 और भारतीय जनता पार्टी के 21 पार्षद हैं। यहां भारतीय जनता पार्टी की नमिता बुबकिया और कांग्रेस की सुमित्रा जैन के बीच मुकाबला है।
अजमेर नगर निगम में कांग्रेस के 37 और भारतीय जनता पार्टी के 32 पार्षद हैं, जहां भारतीय जनता पार्टी की अनामिका शर्मा और कांग्रेस की किरण गढ़वाल मैदान में हैं।
तीन नगर निगमों का चुनाव 25 सितंबर को
जयपुर, जोधपुर और कोटा नगर निगम के साथ ही सुकेत नगर पालिका के कुछ वार्डों में दोबारा मतदान होने के कारण इन निकायों में चुनाव 25 सितंबर को होगा। जयपुर नगर निगम के 150 वार्डों में भारतीय जनता पार्टी के 78, कांग्रेस के 57 और 15 निर्दलीय पार्षद हैं। भाजपा ने सुनील कोठारी को और कांग्रेस ने सुनीता मावर को प्रत्याशी बनाया है।
जोधपुर नगर निगम के 100 वार्डों में भारतीय जनता पार्टी के 45 और कांग्रेस के 44 पार्षद हैं, जहां भाजपा के प्रसन्न चंद मेहता का मुकाबला कांग्रेस के राजेंद्र सोलंकी से है।कोटा नगर निगम के 100 वार्डों में भारतीय जनता पार्टी के 57 और कांग्रेस के 39 पार्षद हैं। यहां भाजपा की अनुसुइया गोस्वामी और कांग्रेस की सुनीता सुमन चुनाव मैदान में हैं।
नगर परिषदों में छह सभापति निर्विरोध बने
प्रदेश की छह नगर परिषदों में भारतीय जनता पार्टी के उम्मीदवार निर्विरोध सभापति चुने गए हैं। भिवाड़ी नगर परिषद से डॉ. गुंजन खटाना, डीग परिषद से अर्पित गुप्ता, पुष्कर नगर परिषद से राजेंद्र बाकोलिया, निंबाहेड़ा नगर परिषद से शिल्पा भूतड़ा, हिंडौन नगर परिषद से विजय कुमारी चतुर्वेदी और धौलपुर नगर परिषद से गिरीश गर्ग निर्विरोध सभापति निर्वाचित हुए हैं।