राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने गुरुवार को जयपुर में विधायक आवास योजना के सैंपल फ्लैट का अवलोकन किया। सैंपल्स की बेहतरीन डिजाइन और समय पर कार्य पूर्ण करने के लिए उन्होंने आवासन मंडल आयुक्त पवन अरोड़ा की पीठ थपथपा कर बधाई दी। इस अवसर पर नगरीय विकास मंत्री शांति धारीवाल भी मौजूद रहे।
मुख्यमंत्री गहलोत ने सैंपल फ्लैट के निरीक्षण के दौरान ऑफिस, पाउडर रूम, ड्राइंग रूम, गेस्ट रूम की डिजाइन और गुणवत्ता देखकर हैरानी जताते हुए कहा कि बड़ी कंपनियां भी इतने कम समय में इतना निर्माण नहीं करा सकती थी। उन्होंने नगरीय विकास मंत्री धारीवाल को कहा कि लोग पूछ रहे हैं कि इतनी गति से कार्य कैसे पूरा हो रहा है। गहलोत ने बेहतरीन काम के लिए संवेदक एन जी गढ़िया को भी बधाई दी। सीएम खासतौर पर आवास में बनाई जा रही रसोई और सर्वेंट रूम का अवलोकन किया। इस दौरान सीएम ने कहा कि आवास बनने से सभी विधायक वाकिंग डिस्टेंस पर रहते हुए अपने दायित्वों का बेहतर तरीके से निर्वहन कर सकेंगे।
आवासन आयुक्त अरोड़ा ने कहा कि 160 आवासों का कार्य लगभग 3 वर्ष में पूर्ण होता है, लेकिन मंडल 1.5 वर्ष जून में ही कार्य पूरा कर देगा। उन्होंने कहा कि कार्य का समय पर पूरा होना मंडल टीम की प्रतिबद्धता दर्शाता है। मुख्यमंत्री ने मंडल की पूरी टीम को बधाई दी है।
गौरतलब है कि मुख्यमंत्री गहलोने ने 27 जुलाई 2019 को विधानसभा में विधायक नगर (पश्चिम) में विधायकों के लिए फ्लेट्स बनाने की घोषणा की थी। इसके लिए जयपुर विकास प्राधिकरण को नोडल एजेंसी बनाया गया था। मुख्यमंत्री ने 11 अगस्त 2021 परियोजना का शिलान्यास किया गया था। 6 मई से यहां निर्माण कार्य शुरू हुआ था।
विधायक आवास योजना में क्या है विशेष?
विधायक नगर (पश्चिम) की 24160 वर्ग मीटर भूमि पर 160 बहुमंजिले (2बी+जी+8) 4 बीएचके फ्लेट्स (3200 वर्गफीट बिल्टअप एरिया) का निर्माण समस्त सुविधाओं के साथ किया जा रहा है। यहां सेन्ट्रल पार्क, अतिथियों के ठहरने के लिए 26 कमरों के अतिरिक्त पार्टी हॉल, स्विमिंग पूल, कॉफी शॉप, जिम, योगा हॉल, मिनी थियेटर और रेस्टोरेन्ट सहित क्लब हाऊस, प्रत्येक ब्लॉक में भूतल पर मीटिंग हॉल, स्वागत कक्ष, सुरक्षा ऑफिस और ड्राइवर आदि के ठहरने की व्यवस्थाओं के साथ निर्माण किया जा रहा है।
परिसर में पेरीफेरियल इंटुडर एलर्टस सिस्टम, अंडर व्हीकल स्केनर सिस्टम, बेगेज स्केनर और मेटल डिटेक्टर, स्मार्ट पार्किंग सिस्टम, फसाड एलईडी लाईटिंग, इलेक्ट्रिकल व्हीकल चार्जिंग स्टेशन, वाई-फाई, एटीएम, मेडिकल स्टोर, जनरल स्टोर, दो जीएसएस से बिजली आपूर्ति, बीसलपुर पाइपलाइन से जलापूर्ति सहित अन्य सुविधा भी दी जाएंगी।