गहलोत ने पायलट को बताया निकम्मा-नकारा और गद्दार
साल 2022 में सीएम अशोक गहलोत ने कई विवादित बयान दिए। उन्होंने कई बार इशारों ही इशारों में पूर्व उपमुख्यमंत्री सीएम सचिन पायलट पर हमला तो कई बार खुलकर सामने आए। गहलोत ने सचिन पायलट को नाकारा-निकम्मा गद्दार तक कह दिया। भारत जोड़ो यात्रा से पहले दिए गए गहलोत ने पायलट को गद्दार कहा तो पायलट ने भी पलटवार किया। मामला बढ़ता देख पार्टी के शीर्ष नेताओं को भी हस्तक्षेप करना पड़ा।
रिश्तेदार करते हैं दुष्कर्म
मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कहा था कि महिलाओं के खिलाफ अपराधों के आधे से ज्यादा केस झूठ होते हैं। दुष्कर्म की घटनाएं करने कोई विदेशी आता है क्या? अधिकांश घटनाएं परिवार के जान-पहचान वाले हर करते हैं, या उनमें अपने शामिल होते हैं। सीएम ने कहा था कि महिला अपराध के जो केस हैं, उसमें आधे से ज्यादा यानि करीब 56 फीसदी झूठे हैं। प्रदेश में अपराध कंट्रोल में है। गहलोत के इस बयान पर भी जमकर हंगामा हुआ था।
राजस्थान मर्दों का प्रदेश
दुष्कर्म के मामलों में राजस्थान के नंबर वन आने पर विधानसभा में चर्चा के दौरान संसदीय कार्य मंत्री शांति धारीवाल ने भी विवादित बयान दिया था। उन्होंने एक विधायक के सवाल का जवाब देते हुए राजस्थान को मर्दों का प्रदेश बता दिया था। जिस पर सदन में विपक्षी पार्टी भाजपा ने जमकर हंगामा किया था। वहीं, सदन के बाहर सामाजिक और महिला संगठनों ने भी मंत्री के बयान का खूब विरोध किया था। राष्ट्रीय महिला आयोग ने भी इस पर संज्ञान लिया था। बाद में शांति धारीवाल को सदन में माफी मांगनी पड़ी थी। उन्होंने सफाई देते कहा था कि मेरे बयान का अर्थ गलत निकाला गया है।
मंत्री खाचरियावास ने जोशी को बताया गुलाम
आईएएस अफसरों की एससीआर भरने के मामले को लेकर कैबिनेट मंत्री प्रताप सिंह खाचरियावास और मंत्री महेश जोशी आपस में भिड़ गए थे। मंत्री प्रताप सिंह ने कहा था कि अफसरों की एसीआर भरने का अधिकार मंत्रियों को मिलना चाहिए। मंत्री जोशी ने खाचरियावास के इस बयान पर आपत्ति जताई थी। इसके बाद दोनों के बीच बयानबाजी शुरू हो गई थी। खाचरियावास ने जोशी को गुलाम तक कह दिया था। महेश जोशी ने भी खाचरियावास पर पलटवार किया था। मामले ने तूल पकड़ा तो सीएम अशोक गहलोत ने हस्तक्षेप कर विवाद शांत कराया था।
सांसद बेनीवाल ने राहुल को लेकर दिया था विवादित बयान
राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी के अध्यक्ष और सांसद हनुमान बेनीवाल ने भारत जोड़ो यात्रा के दौरान महिला नेताओं के साथ राहुल गांधी के फोटो को लेकर सवार खड़े किए थे। उन्होंने कहा कि मेरी भी शादी लेट हुई है, लेकिन राहुल गांधी 55 साल के हो गए हैं, अभी तक शादी नहीं हुई। मुख्यमंत्री से अपील है कि पहले राहुल गांधी की शादी करवाओ फिर भारत जोड़ो यात्रा निकालना। सांसद के इस बयान पर कांग्रेस नेताओं ने कड़ी प्रतिक्रिया दी थी।
करवा चौथ पर गोविंद राम मेघवाल का विवादित बयान
कैबिनेट मंत्री गोविंद राम मेघवाल के करवाचौथ को लेकर बोल बिगड़ गए थे। उन्होंने कहा कि भारत में महिलाएं अभी भी छलनी से चांद देखती हैं और पति की लंबी उम्र के लिए प्रार्थना करती हैं। जबकि, विकसित देशों में महिलाएं चांद पर जा रही हैं। मंत्री के इस बयान पर सामाजिक, धार्मिक संगठनों और भाजपा ने जमकर विरोध किया था। बाद में मंत्री ने अपने बयान पर माफी मांगी थी।