शांति का राग अलाप रहे पाकिस्तान ने एक बार फिर नापाक हरकत की है। लेकिन इस बार भी उसको मुंह की खानी पड़ी है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, भारतीय वायुसेना के एक लड़ाकू विमान ने भारत-पाकिस्तान सीमा के बीकानेर सेक्टर में सोमवार को हवा से हवा में मार करने वाली मिसाइल का इस्तेमाल करके पाकिस्तान के एक सैन्य ड्रोन को मार गिराया।
जमीन पर स्थित एक रडार स्टेशन ने ड्रोन का पता लगने के कुछ मिनटों बाद सुबह लगभग साढ़े 11 बजे सुखोई-30 विमान से पाकिस्तानी ड्रोन को मार गिराया। क्षेत्र में रडार स्टेशन ने दुश्मन के ड्रोन का पता लगाया और इसके बाद क्षेत्र में तैनात लड़ाकू विमानों में से एक ने इसे मार गिराया।
आईएएफ ने पाकिस्तान के बालाकोट में आतंकवादी प्रशिक्षण शिविर पर हमला किया था और इसके बाद पाकिस्तान बदले की कार्रवाई के प्रयास में है। भारत और पाकिस्तान के बीच बढ़े तनाव के बीच इस ड्रोन को गिराया गया है। गौरतलब है कि 27 फरवरी को भी कच्छ में भारत-पाकिस्तान सीमा पर भारत ने एक पाकिस्तानी ड्रोन को मार गिराया था।
बता दें कि भारतीय खुफिया एजेंसियों द्वारा मिले इनपुट के बाद 26 फरवरी को भारतीय वायु सेना ने मिराज-2000 लड़ाकू विमान के जरिए जैश-ए-मोहम्मद के पाकिस्तान के बालाोकट स्थित आतंकी कैंपों पर एयर स्ट्राइक की थी। सरकारी सूत्रों के मुताबिक, इस हमले में बड़ी संख्या में आतंकी मारे गए थे।