राजस्थान आवासन मंडल 17 अक्टूबर से जयपुर, किशनगढ़ और भिवाड़ी में चार आवासीय योजनाओं के तहत 649 फ्लैट और मकानों के लिए पंजीकरण शुरू करेगा। इच्छुक आवेदक 16 नवंबर तक आवेदन कर सकेंगे। योजनाओं में फ्लैटों की कीमत 38.50 लाख रुपये से 1.05 करोड़ रुपये तक रखी गई है।
राजस्थान आवासन मंडल 17 अक्तूबर से चार नई आवासीय योजनाओं में पंजीकरण प्रक्रिया शुरू करने जा रहा है। इन योजनाओं के तहत जयपुर, किशनगढ़ और भिवाड़ी में कुल 649 फ्लैटों के लिए आवेदन मांगे जाएंगे। इच्छुक नागरिक 16 नवंबर तक अपना पंजीकरण करा सकेंगे। इसके साथ ही मंडल प्रताप नगर में ग्रीनवुड होराइजन परियोजना का शिलान्यास करेगा और दो नवनिर्मित सामुदायिक केंद्रों का लोकार्पण भी संपन्न करेगा।
विज्ञापन
आवासीय योजनाओं और कीमतों का ब्योरा
मंडल जयपुर के इंदिरा गांधी नगर में स्वीकृत पत्रकारों के लिए मध्यम आय वर्ग-ब श्रेणी के 144 तीन बेडरूम वाले फ्लैटों की योजना शुरू करेगा। इनकी अनुमानित कीमत 74.68 लाख रुपये निर्धारित की गई है। किशनगढ़ स्थित खोड़ा गणेश रोड, फेज-चतुर्थ योजना में 90 स्वतंत्र आवास उपलब्ध कराए जाएंगे। इनमें मध्यम आय वर्ग-अ के 26, मध्यम आय वर्ग-ब के 40 और उच्च आय वर्ग के 24 मकान शामिल हैं, जिनकी कीमत 40 लाख से 68.50 लाख रुपये तक है।
प्रताप नगर के सेक्टर-28 में स्थित ग्रीनवुड होराइजन योजना में पहले पंजीकरण के बाद शेष 146 फ्लैटों के लिए आवेदन स्वीकार किए जाएंगे। इन फ्लैटों का मूल्य 73.80 लाख से 1.05 करोड़ रुपये के बीच रखा गया है। इसके अलावा भिवाड़ी की अरावली विहार योजना के तहत 77 फ्लैट उपलब्ध होंगे, जिनकी कीमत 38.50 लाख से 63.35 लाख रुपये तक तय की गई है।
निर्माण कार्य और आधारभूत सुविधाएं
प्रताप नगर में 336 फ्लैटों और 354 दुकानों वाले एक शॉपिंग आर्केड के निर्माण के लिए मंडल ने 288.27 करोड़ रुपये की निविदा स्वीकृत की है। इसके अतिरिक्त सेक्टर-5 और 6 में पांच करोड़ रुपये की लागत से बने सामुदायिक केंद्रों का लोकार्पण प्रस्तावित किया गया है। आवासन मंडल ने अपनी सभी आवासीय योजनाओं में बिजली, पानी और सड़क जैसी बुनियादी सुविधाएं पूरी तरह उपलब्ध रखी हैं।