राजस्थान में ऑनर किलिंग का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। राज्य के सिरोही जिले में दो युवक युवती के शव जली अवस्था में मिले हैं। पुलिस को आशंका है दोनों की हत्या ऑनर किलिंग में की गई है।
टाइम्स ऑफ इंडिया की खबर के अनुसार सिरोही जिले के रेओदार कस्बे में मंगलवार को दो युवक युवती के शव बुरी तरह जली अवस्था में मिले थे। पुलिस के अनुसार मारे गए युवक की पहचान कालू राम के रूप में हुई है जो रेवदार का रहने वाला था।
युवक कर्नाटक के बेलगांव में काम करता था लेकिन वो यहां कैसे आया ये पता नहीं चल सका है। पुलिस ने बताया कि मामला ऑनर किलिंग का लग रहा है क्योंकि युवक हिंदू था और उसके साथ मारी गई युवती मुस्लिम जो उसकी पत्नी बताई जा रही है। लगभग चार साल पहले दोनों अपने कस्बे से भाग गए थे क्योंकि उनके परिवार उनके रिश्ते पर रजामंद नहीं थे।
पुलिस के अनुसार दोनों के शव एक दूसरे से एक किलोमीटर की दूरी पर बुरी तरह जले हुए मिले थे। दोनों के शवों को पुलिस ने कब्जे में लिया जिसे देखकर अंदाजा लगाया जा रहा था कि जलाने से पहले गला दबाकर उनकी हत्या की गई और बाद में पहचान छिपाने के लिए मिट्टी का तेल छिड़ककर शवों को जला दिया गया।