राजस्थान हाईकोर्ट ने नर्सिंग ऑफिसर भर्ती-2023 में अनुभव के आधार पर बोनस अंक देने से जुड़े विवाद पर बड़ा फैसला सुनाया है। न्यायमूर्ति अनूप कुमार ढंढ की एकलपीठ ने राज्य सरकार को चिकित्सा एवं स्वास्थ्य क्षेत्र के आठ विशेषज्ञों की एक उच्च स्तरीय समिति गठित करने का निर्देश दिया है। यह समिति विभिन्न सरकारी योजनाओं में कार्यरत संविदा कर्मियों के कार्य की तुलना नर्सिंग ऑफिसर पद से करेगी।
अदालत ने बलदेव प्रसाद सहित दर्जनों याचिकाकर्ताओं की ओर से दायर याचिकाओं का निस्तारण करते हुए यह आदेश जारी किया है। समिति को आदेश की प्रति मिलने के छह सप्ताह के भीतर अपनी रिपोर्ट सौंपनी होगी, जिसके आधार पर सरकार अगले चार सप्ताह में बोनस अंक देने पर अंतिम निर्णय लेगी।
विशेषज्ञ समिति के गठन का निर्देश
अदालत ने दोनों पक्षों की दलीलें सुनने के बाद स्पष्ट किया कि न्यायालय हर विषय का विशेषज्ञ नहीं होता है। विभिन्न योजनाओं में किए गए कार्यों और नर्सिंग ऑफिसर की ड्यूटी के बीच समानता तय करना एक तकनीकी तथा तथ्यात्मक विषय है। इस विषय का सही आकलन केवल चिकित्सा और नर्सिंग क्षेत्र के विशेषज्ञ ही कर सकते हैं। विशेषज्ञ समिति सभी याचिकाकर्ताओं के अभ्यावेदन, नियुक्ति पत्र, अनुभव प्रमाण पत्र और जॉब डिस्क्रिप्शन की गहन जांच करेगी। यदि समिति की राय में अभ्यर्थियों का कार्य नर्सिंग ऑफिसर के समकक्ष पाया जाता है और वे अन्य सभी पात्रताएं पूरी करते हैं, तो सरकार उन्हें मेरिट के अनुसार नियुक्ति देने पर विचार करेगी। वहीं जिनका अनुभव दायरे में नहीं आएगा, वे पुनः अदालत जाने के लिए स्वतंत्र होंगे।
भर्ती प्रक्रिया और बोनस अंकों का विवाद
चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग ने 5 मई, 2023 को नर्सिंग ऑफिसर भर्ती का विज्ञापन निकाला था। इसमें एनएचएम, आरएमआरएस और 108 एम्बुलेंस जैसी सरकारी योजनाओं में समान कार्य करने वाले संविदा कर्मचारियों को अनुभव के आधार पर 10, 20 और 30 बोनस अंक देने का प्रावधान था। कोविड काल में काम करने वाले कर्मियों के लिए 15, 20 और 30 बोनस अंकों की व्यवस्था की गई थी। याचिकाकर्ताओं का तर्क है कि उनके पास वैध अनुभव प्रमाण पत्र मौजूद हैं और उन्होंने नर्सिंग ऑफिसर के समान ही जिम्मेदारियां निभाई हैं, फिर भी विभाग उनके अनुभव को मान्य नहीं कर रहा है। बोनस अंक न मिलने के कारण 6 दिसंबर 2024 को जारी अंतिम मेरिट सूची से उनका नाम बाहर कर दिया गया।
अभ्यर्थियों को पक्ष रखने का अवसर
दूसरी ओर राज्य सरकार का कहना है कि सिर्फ किसी सरकारी योजना में कार्य कर लेना ही बोनस अंक पाने का आधार नहीं बन सकता। सरकार के अनुसार याचिकाकर्ताओं ने नर्स ग्रेड-प्रथम और द्वितीय के लिए निर्धारित जिम्मेदारियां नहीं निभाई हैं, इसलिए उन्हें बोनस अंक नहीं दिए जा सकते। अदालत ने निर्देश दिया है कि समिति जांच प्रक्रिया के दौरान याचिकाकर्ताओं को अपनी बात रखने का पूरा अवसर प्रदान करेगी। समिति की रिपोर्ट आने के बाद राज्य सरकार चार सप्ताह के अंदर अंतिम फैसला लेकर आगे की प्रक्रिया शुरू करेगी।