राजस्थान में पंचायत चुनावों के कारण कक्षा 9 से 12 की अर्धवार्षिक परीक्षाओं का कार्यक्रम बदल दिया गया है। अब परीक्षाएं 25 नवंबर से 7 दिसंबर तक होंगी, जबकि कक्षा 1 से 8 की समय-सारणी बाद में जारी की जाएगी।
राज्य स्तरीय समान परीक्षा योजना के तहत शैक्षणिक सत्र 2026-27 की कक्षा नौ से 12 तक की अर्धवार्षिक परीक्षाएं 25 नवंबर से 7 दिसंबर तक आयोजित होंगी। माध्यमिक शिक्षा निदेशक ललित कुमार ने इस संबंध में आदेश जारी किए हैं। राज्यभर में यह अर्धवार्षिक परीक्षा पहले 15 अक्तूबर से 27 अक्तूबर के बीच होनी थी। पंचायत चुनाव के कारण शिक्षा विभाग को अचानक समय-सारणी में परिवर्तन करना पड़ा है। अब अर्धवार्षिक परीक्षाएं दिसंबर तक चलेंगी और इसके बाद फरवरी में ही मुख्य परीक्षाएं आयोजित हो सकती हैं।
विज्ञापन
परीक्षा का नया कार्यक्रम
निर्धारित व्यवस्था के अनुसार कक्षा नौ से 12 तक का परीक्षा कार्यक्रम जारी कर दिया गया है। अन्य परीक्षाएं विद्यालय स्तर पर आयोजित की जाती हैं। इसलिए कक्षा एक से आठ तक की अर्धवार्षिक परीक्षाएं स्कूल अपने स्तर पर ही आयोजित करेंगे। शिक्षा विभाग ने प्रश्न-पत्रों की गोपनीयता और सुरक्षा को लेकर बेहद कड़े निर्देश जारी किए हैं। निजी विद्यालयों में प्रश्न-पत्र नहीं रखे जा सकेंगे। निजी स्कूलों के प्रश्न-पत्र संबंधित पीईईओ या यूसीईईओ के पास सुरक्षित रखे जाएंगे। परिस्थितियों के अनुसार प्रश्न-पत्रों को स्थानीय पुलिस थाने में भी सुरक्षित रखने की व्यवस्था की जा सकेगी। यह निर्णय लेने के लिए जिला शिक्षा अधिकारी को अधिकृत किया गया है।
प्रश्न-पत्रों की सुरक्षा व्यवस्था
जिला स्तर पर प्रश्न-पत्रों की गोपनीयता और सुरक्षा की संपूर्ण व्यवस्था जिला कलेक्टर के मार्गदर्शन में की जाएगी। प्रश्न-पत्र प्राप्त होने से पहले जिला स्तरीय समिति की बैठक आयोजित कर सभी आवश्यक निर्णय लिए जाएंगे। परीक्षा केंद्रों के निरीक्षण के लिए विशेष उड़नदस्ते गठित करने के निर्देश दिए गए हैं। इन उड़नदस्तों का गठन संभागीय संयुक्त निदेशक, मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी, जिला शिक्षा अधिकारी और डाइट प्राचार्य की ओर से किया जाएगा। ये निरीक्षण दल केंद्रों पर पहुंचकर व्यवस्थाओं का जायजा लेंगे।
विज्ञापन
निरीक्षण दल और अन्य कक्षाएं
शिक्षा विभाग ने समान परीक्षा योजना से जुड़ी कक्षा नौ से 12 तक के लिए समय-सारणी जारी की है, परंतु कक्षा एक से आठ के लिए फिलहाल कोई निर्देश जारी नहीं किए हैं। पंचायत राज चुनावों के कारण ग्रामीण क्षेत्रों के विद्यालयों में कक्षा एक से आठ तक की परीक्षाएं भी तय तारीखों में आयोजित होना संभव नहीं है। इस संबंध में शिक्षा निदेशालय के सहायक निदेशक राजेश गोस्वामी ने बताया कि इन कक्षाओं के लिए समय-सारणी अलग से जारी की जाएगी।