दौसा की ग्राम पंचायत बडोली से शनिवार को एक दुल्हन की विदाई हेलीकॉप्टर में बैठाकर की गई। पोती की इच्छा पूरी करने के लिए दादा ने यह हेलीकॉप्टर बुलवाया। इस विदाई समारोह को देखने के लिए बडोली, सिंडोली और कुण्डल सहित आसपास के दर्जनों गांव के लोगों की सैकड़ों की संख्या में भीड़ उमड़ी।
भीड़ को नियंत्रित करने के लिए चारों तरफ निश्चित दूरी क्षेत्र में बेरिकेट्स लगाए गए। दौसा के बडोली निवासी ठाकुर अमर सिंह नाथावत की पोती ममता कंवर की शादी चूरखेड़ा महुवा में रामसिंह तंवर के पोते घनश्याम के साथ शुक्रवार को सम्पन्न हुई। शनिवार सुबह 11 बजे दुल्हन की विदाई की गई।
दादा ने की पोती की इच्छा की पूरी...
दुल्हन ममता कंवर की इच्छा थी कि उसकी शादी में विदाई हेलीकॉप्टर से हो। उसने अपनी इस इच्छा को उसने परिजनों को बताया। उसकी इच्छा को ममता के दादा अमर सिंह नाथावत ने पूरी करने का आश्वासन दिया। पोती दादा की लाड़ली है, तो उन्होंने हेलीकॉप्टर पहले ही बुक करवा लिया। शादी समारोह की तारीख निश्चित होने के बाद उन्होंने कई जगह हेलीकॉप्टर बुक करने के लिए बात की। काफी घूमने के बाद आखिकार किराये पर हेलीकॉप्टर मंगवाया गया और दुल्हन ममता कंवर के दादो सा ठाकुर अमर सिंह ने अपनी पोती की इच्छा पूरी करते हुए हेलीकॉप्टर से विदा किया।