मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, पीसीसी चीफ गोविंद सिंह डोटासरा, प्रदेश प्रभारी सुखजिंदर सिंह रंधावा मंगलवार को बीकानेर और जोधपुर के दौरे पर रहेंगे। सुबह 9 बजे स्पेशल प्लेन से तीनों नेता जयपुर एयरपोर्ट से रवाना होकर बीकानेर के नाल एयरपोर्ट पहुंचेंगे। 10 बजे राजकीय डूंगर कॉलेज बीकानेर के छात्रसंघ अध्यक्ष कार्यालय के उद्घाटन समारोह में तीनों नेता जाएंगे।
इसके बाद 11 बजे से कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ गंगाशहर तेरापंथ भवन में बैठक रखी गई है। दोपहर 2.20 बजे नाल एयरपोर्ट से जोधपुर जाने का कार्यक्रम है। 3.15 बजे जोधपुर के गांधी मैदान में कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ संगठनात्मक बैठक रखी गई है। शाम 6.15 बजे जोधपुर से स्पेशल प्लेन से रवाना होकर तीनों नेता शाम 7 बजे जयपुर पहुंचेंगे।
29 मार्च को अहमदाबाद में गुजरात पीसीसी में प्रेसवार्ता बुलाई
सीएम गहलोत 29 मार्च को सुबह 10 बजे जयपुर से स्पेशल प्लेन से अहमदाबाद जाएंगे। जहां सुबह 11.15 बजे गुजरात प्रदेश कांग्रेस कमेटी में प्रेस कांफ्रेंस करेंगे। सूरत कोर्ट के फैसले के बाद राहुल गांधी को लोकसभा सदस्यता से अयोग्य ठहराए जाने के मुद्दे पर गहलोत पार्टी का पक्ष रखेंगे। फिर 2.30 बजे गहलोत उदयपुर के डबोक एयरपोर्ट पहुंचेंगे। 3 बजे उदयपुर के गांधी ग्राउंड पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ बैठक रखी गई है। शाम 6.15 बजे डबोक एयरपोर्ट से रवाना होकर 7 बजे जयपुर लौटने का कार्यक्रम प्रस्तावित है।
31 मार्च को कोटा-अजमेर, 1 अप्रैल को भरतपुर-जयपुर में बैठकें
गहलोत-डोटासरा और रंधावा सम्भाग स्तरीय संगठनात्मक बैठकें करने के लिए प्रदेश में लगातार 1 अप्रैल तक दौरा करेंगे। राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रवक्ता स्वर्णिम चतुर्वेदी ने बताया कि प्रदेशाध्यक्ष गोविन्द सिंह डोटासरा, राजस्थान प्रभारी सुखजिंदर सिंह रंधावा और मुख्यमंत्री अशोक गहलोत की 31 मार्च, 2023 को सुबह 11 बजे कोटा, दोपहर 3 बजे अजमेर, 1 अप्रैल को सुबह 11 बजे भरतपुर और दोपहर 3 बजे जयपुर में सम्भाग स्तरीय बैठक होगी।
संगठनात्मक बैठकें क्यों और कौनसे नेता मौजूद रहेंगे ?
विधानसभा के बजट सत्र के बाद अब प्रदेश कांग्रेस सरकार और कांग्रेस पार्टी संगठन को मजबूत करने में जुट गए हैं। विधानसभा चुनाव से पहले कार्यकर्ताओं से क्षेत्र का फीडबैक जुटाया जाएगा। स्थानीय मुद्दे और स्थानीय नेताओं का फीडबैक लिया जाएगा। चुनाव में टिकट के दावेदारों को लेकर भी नब्ज टटोली जाएगी। राहुल गांधी को लोकसभा सदस्यता के अयोग्य ठहराने जाने के मुद्दे पर प्रदेशभर में आंदोलन का आगामी रोडमैप तैयार किया जाएगा। एआईसीसी से मिले दिशा-निर्देशों की जानकारी संगठन नेताओं और कार्यकर्ताओं को दी जाएगी। संगठन की मजबूती और नियुक्तियों के लिए भी चर्चा की जाएगी। बैठक में सम्भाग के सभी कांग्रेस के वर्तमान, निवर्तमान जिलाध्यक्षगण, जिला प्रभारी, सम्भाग प्रभारी, ब्लॉक अध्यक्ष, पीसीसी डेलीगेट्स, मण्डल,नगर अध्यक्ष, सभी अग्रिम संगठनों के जिलाध्यक्ष, सम्भाग में रहने वाले बोर्ड निगमों के अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, विधायक, विधायक प्रत्याशी, सांसद, सासंद प्रत्याशी, पंचायती राज संस्थाओं के जनप्रतिनिधि, नगर निकायों के जनप्रतिनिधि, पूर्व विधायक, पूर्व सांसद, पूर्व विधायक प्रत्याशी भाग लेंगे।