मामले की जानकारी देते हुए घायल 22 वर्षीय इमरान के पिता रज्जो ने बताया 2 दिन पहले मोहल्ले में पड़ोसियों से मामूली बात को लेकर विवाद हुआ था। इसके बाद से ही पड़ोसियों द्वारा जान से मारने की धमकियां दी जा रही थीं। शुक्रवार को फिर से आरोपी पक्ष के लोगों ने कहासुनी की और धमकी देकर चले गए।
घायल के पिता ने बताया कि वह इमरान को साथ लेकर इस मामले में रिपोर्ट दर्ज कराने जा रहा था, तभी आरोपियों ने घात लगाकर रास्ते में उन्हें घेर लिया और इमरान को जमीन पर पटककर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। आरोपियों ने गर्दन और पेट में चाकुओं से कई वार भी कर किए, जिससे इमरान गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।
घायल इमरान को परिजनों ने तुरंत जिला अस्पताल में भर्ती कराया, जहां चिकित्सकों की टीम द्वारा उसका उपचार किया जा रहा है। कोतवाली थाना प्रभारी रामकिशन यादव ने बताया कि आरोपियों को पकड़ने के लिए शहर में नाकाबंदी करवा दी गई है। फिलहाल हमलावरों का कोई सुराग नहीं लगा है। पीड़ित पक्ष ने नामजद आरोपियों के खिलाफ कोतवाली पुलिस में मामला दर्ज कराया है। पुलिस द्वारा आगे की कार्रवाई की जा रही है।