पाली जिले के सोजत से रांची (झारखंड) सप्लाई करने जा रहे लाखों रुपये की मेहंदी से भरा ट्रक छोड़कर ट्रक चालक और मालिक फरार हो गए। दोनों मेहंदी के कट्टों को बेचने की फिराक में थे। पुलिस ने मेहंदी के बोरे बरामद कर उनकी तलाश शुरू कर दी है। सोजत थाना पुलिस मामले की जांच कर रही है।
सोजत सिटी थानाधिकारी सहदेव चौधरी ने बताया कि सोजत सिटी के जैतारणिया गेट के पास रहने वाले युतिका नेचुरल के मैनेजर संतवत टांक पुत्र लक्ष्मीनारायण माली ने थाने में रिपोर्ट दी कि सात जनवरी को उनकी फैक्ट्री से रांची के लिए 21 लाख रुपये की मेहंदी ट्रक से तिंवरी निवासी चालक राजू पुत्र भोमाराम मेघवाल और ट्रक मालिक सागर शर्मा के साथ भेजी थी।
दोनों माल लेकर रांची नहीं पहुंचे। कॉल करने पर भी रिसीव नहीं किया। आरोपी रास्ते में ही माल खाली कर उसे बेचने की फिराक में थे। मामला दर्ज होने पर आरोपियों की तलाश में सोजत से एक टीम तिंवरी (जोधपुर) भेजी। पुलिस ने मेहंदी के सारे बोरे बरामद कर लिए और उसे सोजत लेकर आई। आरोपी खाली ट्रक लेकर फरार हो गए। पुलिस उनकी तलाश कर रही है।