प्रदेश कांग्रेस प्रभारी सुखजिंदर सिंह रंधावा ने कहा- सीएम ने कहा था कि मैं जनता से बात करके बजट लाऊंगा। जबकि बीजेपी की सरकारों के वक्त उन्होंने जनता से कभी बात नहीं की। यह ऐतिहासिक फैसलों वाला बजट है, जो लोगों की भावनाओं को देखकर पेश किया गया है।
चिरंजीवी योजना में 10 लाख से बढ़ाकर 25 लाख रुपए हेल्थ इंश्योरेंस कवर कर दिया गया है। पूरे भारत में ऐसी कोई योजना दूसरी नहीं है। अब गरीब आदमी यह सोच सकता है कि मेरी सरकार मुझे मरने नहीं देगी। मैं जीवित रहूंगा, ये बहुत बड़ी बात है।
विपक्ष के पास बोलने के लिए कोई बात नहीं थी
रंधावा ने कहा- किसानों के लिए सरकार ने 1000 यूनिट प्रतिमाह फ्री बिजली से बढ़ाकर 2000 यूनिट बिजली फ्री की है, यह बहुत अच्छा फैसला है। घरेलू उपभोक्ताओं के लिए 50 यूनिट से बढ़ाकर 100 यूनिट फ्री बिजली की गई है, यह भी बहुत बड़ी बात है। रोडवेज बसों में महिलाओं का किराया माफ कर आधा कर दिया गया है। पेंशन को 750 से बढ़ाकर 1000 रुपए कर दिया है। विपक्ष के पास बोलने के लिए कोई बात नहीं थी।
महंगाई की रोकथाम होगी, निगम में भी ओपीएस लागू किया
प्रभारी रंधावा ने कहा- बजट में महंगाई की रोकथाम के प्रावधान भी किए हैं। 500 रुपए में सब्सिडी युक्त सिलेंडर देने की घोषणा की गई, जो बहुत बड़ी बात है। ओल्ड एज पेंशन, संविदा कर्मियों को नियमित करने, ओपीएस स्कीम को बोर्ड-निगम में लागू करने का फैसला देश में पहली बार किसी राज्य में हुआ है। 30 हजार सफाई कर्मियों की भर्ती निकालने की घोषणा भी सबसे बड़ा काम है।
पीएम मोदी के भाषण पर निशाना
रंधावा ने कहा- पीएम का 90 मिनट का भाषण भी हमने सुना, जिसमें ताने देने और बदनाम करने का काम किया। लेकिन गहलोत ने उन बातों से ऊपर उठकर स्टेट की बात की है। सीएम गहलोत ने एक बार भी विपक्ष को नहीं कहा कि आपकी पिछली सरकार ने और ऊपर बैठी सरकार ने ऐसा-वैसा किया। हिन्दुस्तान में आज जो है, वो कांग्रेस की देन है। रंधावा बोले- पीएम ने संसद में जो भाषण दिया वो मजाकिया भाषण था। देश की बात करने की बजाय नेहरू पर और अलग-अलग टिप्पणियां की गईं, जबकि उन्हें चीन, पुलवामा, पाकिस्तानी ड्रोन और घुसपैठ पर बात करनी चाहिए थी। वह उन पर वह बात नहीं कर रहे।