राजस्थान के सेंट्रल जेल के वार्ड नंबर एक की बैरक नंबर तीन में चलाए गए आकस्मिक तलाशी अभियान के दौरान बिजली बोर्ड के भीतर छिपाकर रखा गया एक एंड्रॉइड मोबाइल फोन बरामद हुआ है। जेल प्रशासन को तलाशी के समय मोबाइल के साथ एक सिम कार्ड और डाटा केबल भी मिली।
जेल प्रशासन ने बरामद सभी सामान को जब्त करके आगे की जांच के लिए पुलिस को सौंप दिया है। लालकोठी थाना पुलिस अब इस बात की गहनता से जांच कर रही है कि कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बावजूद यह मोबाइल फोन जेल के भीतर कैसे पहुंचा।
बिजली बोर्ड के अंदर मिला सामान
जेल प्रशासन की ओर से जेल की बैरकों में नियमित रूप से आकस्मिक जांच की जाती है। इसी क्रम में तलाशी के दौरान जेलकर्मियों की नजर वार्ड नंबर एक की बैरक नंबर तीन में लगे बिजली बोर्ड पर पड़ी। बोर्ड के अंदर कुछ संदिग्ध नजर आने पर जब खोलकर देखा गया, तो उसके भीतर बेहद चालाकी से छिपाया गया एंड्रॉइड मोबाइल फोन मिला। जांच करने पर जेलकर्मियों को मोबाइल फोन के साथ सिम कार्ड और डाटा केबल भी बरामद हुई। जेल प्रशासन ने उन्हें जब्त कर मामले की सूचना पुलिस को दी।
जेल प्रहरी ने थाने में दर्ज कराई रिपोर्ट
जेल की प्रहरी मंजू मीणा ने लालकोठी थाने में लिखित रिपोर्ट दर्ज कराई है। प्रहरी की रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज करके जांच शुरू कर दी है। पुलिस अब यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि सुरक्षा के सख्त इंतजामों के बाद भी यह मोबाइल फोन जेल के अंदर कैसे पहुंचा। पुलिस इस पहलू पर भी जांच कर रही है कि मोबाइल को बिजली बोर्ड में किसने छिपाया था। घटनाक्रम में किसी बंदी, जेलकर्मी या बाहरी व्यक्ति की भूमिका थी या नहीं, इसकी भी पड़ताल की जा रही है।
ये भी पढ़ें- इंडिया गठबंधन का धरना LIVE: 'सांसदों की आवाज का अपमान', राहुल गांधी बोले- चुनाव आयुक्तों को मिलना ही होगा
कॉल डिटेल और तकनीकी साक्ष्यों की जांच
पुलिस बरामद मोबाइल फोन और सिम कार्ड की तकनीकी जांच कर रही है। पुलिस यह जानकारी जुटाने में लगी है कि इस मोबाइल का उपयोग कब से और किसलिए किया जा रहा था। सिम कार्ड की कॉल डिटेल के माध्यम से यह पता लगाया जा रहा है कि जेल के अंदर से किन-किन लोगों से संपर्क किया गया था। जयपुर सेंट्रल जेल में पहले भी कई बार मोबाइल फोन बरामद होने के मामले आ चुके हैं।