मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कहा था कि विधानसभा चुनाव में भाजपा हिंदूत्व और ध्रूवीकरण की राजनीति से जीती है। सीएम गहलोत के इस बयान पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सतीश पूनिया ने पलटवार किया है। उन्होंने कहा कि क्या सनातन परंपरा के देश भारत में कांग्रेस को हिंदुत्व और हिंदू से परहेज है। हिंदुत्व हमारी संस्कृति है। जीने का विचार है तो इससे कांग्रेस पार्टी और अशोक गहलोत को क्या दिक्कत है?
राहुल को हिंदू-हिंदूत्व की समझ नहीं
वहीं पूनिया ने राहुल गांधी को भी घेरा। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी को हिंदू, हिंदुत्व और सनातन परंपरा की कोई समझ नहीं है क्योंकि वह हिंदुत्व, हिंदुत्ववादी शब्दों को हिंदू से अलग बताते हुए व्याख्या करते हैं। जबकि जो भारत में जाया है, वह सभी हिंदुत्व से जुड़े हुए हैं क्योंकि हिंदुत्व हमारी जीवन शैली है और हिंदू हमारा धर्म है, जिस पर हमें गर्व हैl
पायलट पर किसके कहने पर केस दर्ज करवाया
अशोक गहलोत बताएं कि देश पर आपातकाल किसने थोपा, किसने मीडिया पर सेंसरशिप लगाई, किसने सौ से अधिक बार 356 का दुरुपयोग कर विभिन्न राज्यों की सरकारें गिराई? एजेंसियों के दुरुपयोग की बात अशोक गहलोत जी कहते हैं वो यह बताएं कि कांग्रेस के विधायकों और उनकी सरकार में उपमुख्यमंत्री रहे सचिन पायलट पर एसओजी द्वारा किसके कहने केस दर्ज करवाया और किसके कहने पर केस वापस लिए गए? केंद्र की एजेंसियां भ्रष्टाचार पर शिकंजा कसने के लिए अगर कार्रवाई करती हैं तो कांग्रेस भ्रष्टाचारियों के साथ खड़े नजर आती है, क्या भ्रष्टाचार पर कार्रवाई करना गलत है?
कर्ज माफी नहीं होने से किसान कर रहे सुसाइड
राहुल गांधी जी ने 2018 के राजस्थान विधानसभा चुनाव में रैलियों में प्रदेश के किसानों से वादा किया था कि कांग्रेस की सरकार बनने के 10 दिन के अंदर किसानों का पूरा कर्जा माफ करेंगे, लेकिन 1100 से अधिक दिन और 3 वर्ष से अधिक समय बीतने के बाद भी प्रदेश के लगभग 59 लाख किसान कर्ज माफी का इंतजार कर रहे हैंl कांग्रेस ने 2018 के अपने घोषणा पत्र में भी वादा किया थाl राज्य में किसान कर्जमाफी नहीं होने से हनुमानगढ़, श्रीगंगानगर, भीलवाड़ा सहित कई जिलों में कई किसान सुसाइड कर चुके हैं और 9 हजार से अधिक किसानों की जमीन कुर्क होने की प्रक्रिया चल रही है, अलवर जिले में शहीद के के पिता जो कैंसर पीड़ित हैं उन सहित कई परिवारों की जमीन नीलाम कर दी गईl
रीट की जांच सीबीआई से कराने में डर कैसा
रीट पेपर लीक मामले की सीबीआई से जांच कराने से अशोक गहलोत जी क्यों डर रहे हैं, उन्होंने प्रदेश के कई मामलों की जांच सीबीआई से कराने की सिफारिश की है तो फिर इस मामले की सीबीआई जांच कराने से पीछे क्यों हट रहे हैं? इसका मतलब साफ है की रीट पेपर लीक मामले के तार कांग्रेस सरकार में ऊपर तक जुड़े हुए हैं। पिछले तीन बजटों में दो लाख से अधिक नौकरियां देने की घोषणा कर चुके मुख्यमंत्री गहलोत जी अभी तक 50 हजार पदों पर भी भर्ती प्रक्रिया पूरी नहीं कर पाए हैं, 15 से अधिक परीक्षाएं पेपर लीक व अन्य कारणों से रद्द की गईl
प्रधानमंत्री मोदी जी की भारत को आत्मनिर्भर और विश्व शक्ति बनाने की नीतियों से देश के युवा स्टार्टअप के माध्यम से रोजगार को बढ़ावा दे रहे हैं। शानदार खेल नीतियों और खिलाड़ियों को मिल रहे आधुनिक प्रशिक्षण और सुविधाओं से देश खेल में भी पूरी दुनिया में परचम लहरा रहा है, जैसा कि ओलंपिक्स और पैरालंपिक्स में भारतीय खिलाड़ियों का शानदार प्रदर्शन हम सभी ने देखा, जिसमें राजस्थान से देवेंद्र झाझरिया, अवनी लखेरा सहित कई खिलाड़ियों ने राजस्थान और भारत का नाम पूरी दुनिया में रोशन कियाl