देश की राजनीति में राम के नाम पर चर्चा गर्म है। राम मंदिर का मुद्दा तो नेताओं के लिए हमेशा ही प्रासंगिक रहा है। राम नाम और राम मंदिर की गूंज राजस्थान विधानसभा चुनाव में इन दिनों तमाम नेताओं के भाषणों में जब तब सुनाई दे रही है।
कुछ नेता राम नाम के सहारे चुनावी मैदान में हैं तो कुछ का नाम ही
राम है। दिलचस्प बात यह है कि चुनाव मैदान में उतरे दो हजार से अधिक उम्मीदवारों में से कुल 319 उम्मीदवारों के नाम में 'राम' है। सत्ताधारी भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के 30 और मुख्य विपक्षी पार्टी कांग्रेस के कुल 23 राम इस चुनावी समर में अपनी राजनीतिक तकदीर आजमाने उतरे हैं।
राम नाम के 107 निर्दलीय भी मैदान में
राज्य की कुल 200 विधानसभा सीटों पर कुल मिलाकर बात की जाए तो 319 प्रत्याशी ऐसे हैं, जिनके नाम में राम है। इनमें भाजपा के 30, कांग्रेस के 23, बहुजन समाज पार्टी (बीएसपी) के 27 और निर्दलीय 107 हैं। भाजपा के रामप्रताप (हनुमानगढ़), रामसिंह (सादुलपुर), खेमाराम (सूजानगढ़), रामलाल (चौमूं), रामावतार (चाकसू), रामहेत (किशनगढ़), रामस्वरूप (वैर), रामकिशोर (बांदीकुई), रामविलास (लालसोट), रामसहाय (निवाई), रामस्वरूप (नसीराबाद), मोहनराम (नागौर), रामचंद्र (खीवंसर), भंवराराम (मेड़ंता), रूपाराम (मकराना), केसाराम (मारवाड़ जंक्शन), जोराराम (सुमेरपुर), पब्बाराम (फलोदी), भैंराराम (औसिंया),जोगाराम (लूणी), सोनाराम (बाड़मेर), अमराराम (पचपदरा), लादूराम (गुढ़ामनाली), आदूराम (चौहटन), पूराराम (भीनमाल), दानाराम (सांचौर), ओटाराम (सिरोही), समाराम (पिंडवाड़ा), जगासीराम (रेवदर), कालूराम (डग) से चुनाव मैदान में है।
रण में कांग्रेस के 23 'राम'
कांग्रेस के रामलाल (प्रतापगढ़), रामगोपाल (रामगंजमंडी), रामनारायण (पीपलदा), रामलाल (मांडल), दयाराम (खेरवाड़ा), लालाराम (पिंडवाड़ा), जीवाराम (सिरोही), सुखराम (सांचौर), सेवाराम (आहोर), पद्माराम (चौहटन), हेमाराम (गुढ़ामनाली), मेवाराम (बाड़मेर), रूपाराम (जैसलमेर), हीराराम (बिलाड़ा), किशनाराम (लोहावत), जासाराम (मारवाड़ जंक्शन), रामनिवास (परबतसर), रामनारायण (नसीराबाद), टीकाराम (अलवर ग्रामीण), रामचंद्र (बहरोड़), परसराम (डोढ़), मंगलराम (डूंगरगढ़), गोबिंदराम (खाजूवाला) चुनाव मैदान में हैं।
200 सीटों वाली विधानसभा में 199 सीटों पर हो रहे चुनाव के लिए कुल 2,294 उम्मीदवारों में से सत्ताधारी पार्टी भाजपा ने सभी 200 सीटों पर अपने उम्मीदवार उतारे हैं तो वहीं कांग्रेस ने 195 और बीएसपी ने 190 सीटों पर अपने उम्मीदवार उतारे हैं। आम आदमी पार्टी ने 142 उम्मीदवारों को चुनाव मैदान में भेजा है। बीजेपी के 31, कांग्रेस के 23, बीएसपी के 27, और निर्दलीय 107 सहित कुल 319 'राम' चुनाव में अपना अपना भाग्य आजमायेंगे। इनमें से किसका राजतिलक होगा यह तो 11 दिसंबर को घोषित होने वाले परिणाम के दिन ही पता चल सकेगा।