सचिन पायलट ने राजस्थान के रुझान को राहुल गांधी के लिए गिफ्ट बताया
राजस्थान विधानसभा चुनाव में इस बार कांग्रेस बाजी मारती दिख रही है। मतगणना के शुरुआती रुझान बता रहे हैं कि कांग्रेस की वापसी तय है। कांग्रेस इसे लेकर बेहद उत्साहित है। कांग्रेस ने अभी से जनता को धन्यवाद कहना भी शुरू कर दिया है।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष सचिन पायलट ने कहा कि हमने जैसी उम्मीद की थी वैसे ही नतीजे आ रहे हैं। राजस्थान में पूर्ण बहुमत की सरकार बनेगी। सीएम पद के सवाल पर उन्होंने कहा कि अध्यक्ष राहुल गांधी और विधायक सभी मिलकर फैसला करेंगे।
पायलट ने कहा, राहुल गांधी आज से ठीक एक पहले ही पार्टी अध्यक्ष बने थे। इसलिए ये नतीजे उनके लिए गिफ्ट है। कांग्रेस राज्य में सरकार बनाने जा रही है।
दिलचस्प है कि कांग्रेस ने पहले से ही इस संभावित जीत को लेकर तैयारी कर ली थी। सोमवार को जयपुर में कांग्रेस दफ्तर को मतगणना से पहले सजा दिया गया था। कांग्रेस सचिव महेश शर्मा ने कहा था, वसुंधरा सरकार ने 13 दिसंबर 2013 को शपथ ली थी। हमने उनकी सरकार की विदाई का काउंटडाउन 13 दिसंबर 2017 से ही शुरू कर दिया था।