राजस्थान विधानसभा चुनाव 2018 का रोमांच दिनोंदिन बढ़ते जा रहा है। हर सीट पर भाजपा और कांग्रेस दोनों ही पार्टियां अपना दम झोंक रही हैं। इन सब के बीच अलवर जिले की रामगढ़ सीट से कांग्रेस की प्रत्याशी साफिया खान का एक कथित वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। इस वीडियो में वह अपने समर्थकों को भाजपा के दुष्प्रचार से निपटने और जरूरत पड़ने पर सिर फोड़ने की बात कह रही हैं।
चुनाव जीतने के लिए दिया 'साम, दाम, दंड, भेद' का मंत्र
वायरल वीडियो में सफिया खान अपने समर्थकों को साम, दाम, दंड, भेद की नीति अपनाने की बात कहती दिख रही हैं। वह कहती हैं कि चुनाव जीतने के लिए जरुरत पड़े तो सिर भी फोड़ दो। भाजपा के लोग अफवाहें फैलाते हैं और हमें इन अफवाहों का जवाब सोशल मीडिया पर देना होगा।
समर्थकों के सामने झलका डर, बूथ पर शाम सात बजे तक रहने को कहा
साफिया अपने समर्थकों के सामने कहती हैं कि भाजपा का उम्मीदवार स्थानीय है इसलिए संभलकर काम करना होगा। वह बार-बार जीत की बात करते हुए कहती हैं कि साम दाम दंड भेद, कुछ भी करना पड़े करो। किसी का सिर भी फोड़ना पड़े, सारे हथकंडे अपना लेना लेकिन चुनाव जीतना है। ये चुनाव साफिया का नहीं आपका है। भाजपा वाले आएंगे और कहेंगे कि ये हिंदुओं की लड़की को भगा ले गए, तुम ध्यान मत देना।
बता दें कि दो बार चुनाव हारने के कारण कांग्रेस ने राष्ट्रीय सचिव और रामगढ़ के पूर्व विधायक जुबेर खान का टिकट काटकर उनकी पत्नी साफिया खान को उम्मीदवार बनाया है। राजस्थान में सात दिसंबर को सभी 200 सीटों पर एक साथ मतदान होना है।