वामपंथी जनवादी पार्टियों के साझा संगठन राजस्थान लोकतांत्रिक मोर्चा ने शनिवार को पूर्व विधायक अमराराम को अपना नेता चुना और आगामी विधानसभा चुनाव में उन्हें मोर्चे की ओर से मुख्यमंत्री पद का दावेदार पेश करने का फैसला किया। मोर्चा ने प्रवक्ता ने बताया कि जद (एस) के अर्जुन देथा को मोर्चे का संयोजक बनाया गया है। इसके अलावा 15 सदस्यीय कोर कमेटी में सभी सहयोगी दलों के प्रतिनिधि शामिल होंगे।
राज्य में आगामी विधानसभा चुनाव में सभी जनवादी व अन्य दलों को एक मंच पर लाने के लिए बने इस मोर्चे में फिलहाल सात राजनीतिक दल, जद एस, सपा, भाकपा, माकपा, माकपा माले व राष्ट्रीय लोकदल शामिल हैं। प्रवक्ता ने कहा कि मोर्चा राज्य की सभी 200 सीटों पर चुनाव लड़ेगा और सीटों के बंटवारे सहित अन्य मुद्दों को नवंबर के पहले सप्ताह तक सुलझा लिया जाएगा। मोर्चे के नेताओं के अनुसार वे आगामी विधानसभा चुनाव में मतदाताओं को एक नया विकल्प देने की मंशा रखने वाले सभी लोगों का स्वागत करते हैं और उन्होंने इसके विकल्प खुले रखे हैं।