राजस्थान विधानसभा चुनाव में कांग्रेस ने जोर-शोर से प्रचार शुरू कर दिया है। इसके तहत बुधवार से कांग्रेस के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष राहुल गांधी की सम्भाग स्तरीय सभाएं शुरू हो जाएंगी।
शुरुआत में ही राहुल दो सम्भाग स्तरीय सभाओं में सम्बोधित करेंगे। प्रदेश कांग्रेस इन सभाओं को लेकर तैयारियां पूरी कर ली हैं।
राहुल गांधी की पहली सभा भरतपुर सम्भाग स्थित अलवर जिले में खेड़ली में होगी और इसके बाद वे सीधे बीकानेर सम्भाग पहुंचकर वहां स्थित चूरू में सभा को सम्बोधित करेंगे। राहुल की सभा में अधिक से अधिक लोग इकट्ठा करने के लिए कांग्रेस जी-जान से जुटी हुई है।
मुख्यमंत्री अशोक गहलोत दोनों ही सभाओं की तैयारियों में सीधे तौर पर मॉनिटरिंग कर रहे हैं। भरतपुर सम्भाग में हुए गोपालगढ़ प्रकरण के बाद से ही अल्पसंख्यक खासे नाराज चल रहे हैं।
इस कारण ही कांग्रेस ने अल्पसंख्यकों को मनाने के लिए भरतपुर सम्भाग में पहली सभा करने का फैसला किया है।
सूत्रों ने बताया कि भरतपुर सम्भाग के पदाधिकारियों से लेकर कार्यकर्ताओं तक से अधिक से अधिक अल्पसंख्यकों को राहुल गांधी की सभा में शामिल करने की व्यवस्था करने के लिए भी कहा गया है।