धौलपुर में 23 मई को मनिया थाना इलाके के गांव विरजा पुरा से विवाहित अवस्था में दस्तयाब की गई सात साल की बालिका के मामले में पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। साढ़े चार लाख में बालिका का सौदा जिस कथित पिता ने किया था। पुलिस जांच में बालिका की बिक्री करने वाला पिता असली नहीं पाया गया। बच्ची को बेचने वाले कथित पिता के भाई रामभरोसी को पुलिस ने शनिवार को गिरफ्तार किया है।
मनिया सीओ दीपक खंडेलवाल ने बताया कि 23 मई को स्थानीय पुलिस को जरिए मुखबिर सूचना मिली थी कि सात साल की बालिका को 4.50 लाख में खरीदकर उसके साथ गांव विरजा पुरा में विवाह किया गया है। मौके से बालिका को शादीशुदा हालत में दस्तयाब कर मामले में अनुसंधान शुरू किया। उन्होंने बताया 24 मई को बालिका की खरीद-फरोख्त करने वाले आरोपी महेंद्र सिंह गुर्जर और उसके पुत्र भूपाल सिंह को गिरफ्तार किया था। उन्होंने बताया महेंद्र सिंह ने अपने पुत्र भूपाल की शादी कराने के लिए बालिका को खरीदा था। सीओ खंडेलवाल ने बताया मामले में अनुसंधान अधूरा चल रहा था। बालिका को एक दलाल के माध्यम से सौदाकर बेचा गया था। शनिवार को पुलिस ने बालिका को बेचने वाले कथित पिता सुल्तान सिंह गुर्जर निवासी विचोला के भाई 63 वर्षीय राम भरोसी उर्फ भरोसी पुत्र भरत सिंह गुर्जर को गिरफ्तार किया है।
पांच वर्ष पूर्व राम भरोसी बालिका और उसकी मां को दिल्ली से उठाकर लाया था
सीओ दीपक खंडेलवाल ने बताया रामभरोसी बालिका और उसकी मां को पांच वर्ष पूर्व दिल्ली से उठाकर लाया था। आरोपी रामभरोसी की शादी नहीं हुई थी। ऐसे में बालिका की मां को उसने पत्नी बनाकर अपने साथ लिव इन में रखा था। वहीं, बालिका को पालने के लिए अपने भाई सुल्तान सिंह को दे दिया था। उन्होंने बताया करीब 6 महीने बाद बालिका की मां रामभरोसी को छोड़कर चली गई। बालिका सुल्तान सिंह के पास ही रह गई। उन्होंने बताया जब बच्ची को दिल्ली से लाया गया था, उस वक्त उसकी उम्र केवल 2 साल की थी। उन्होंने बताया सुल्तान बालिका का असली पिता नहीं है।
इसी दौरान रामभरोसी और सुल्तान दोनों भाइयों की मुलाकात चपरौली गांव निवासी दलाल डोवे गुर्जर से हो गई। दलाल डोवे गुर्जर ने विरजा पुरा गांव निवासी महेंद्र सिंह गुर्जर को उसके पुत्र भूपाल सिंह की शादी कराने के लिए साढ़े चार लाख में सौदा करा दिया। पिता महेंद्र सिंह गुर्जर ने बालिका को खरीद कर भूपाल सिंह के साथ उसकी शादी करा दी। उन्होंने बताया बालिका को बेचने वाले नकली पिता सुल्तान सिंह और दलाल डोबे गुर्जर की तलाश की जा रही है। फिलहाल पुलिस ने बालिका और उसकी मां को दिल्ली से उठा कर लाने वाले आरोपी रामभरोसी को गिरफ्तार कर पूछताछ शुरू कर दी है।