एक बच्चे को छोटी सी बात पर पेड़ से बांध कर पीटने का मामला सामने आया है। घटना राजस्थान के दौसा जिले की है जहां एक बच्चे को पेड़ से अमरूद तोड़ने पर स्थानीय लोगों ने पेड़ से बांध कर पीटा। इसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस हरकत में आई और मामला दर्ज किया।
जानकारी के मुताबिक अमरूद तोड़ने पर खेत मालिक द्वारा एक बच्चे को पेड़ से बांधकर कथित रूप से प्रताड़ित करने का एक वीडियो मंगलवार को वायरल हुआ। इस संबंध में जिले के लालसोट पुलिस थाना ने संज्ञान लेते हुए खेत मालिक के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया है।
राजस्थान मानवाधिकार आयोग ने भी इस संबंध में दौसा जिला प्रशासन और पुलिस से घटना की वास्तविक रिपोर्ट मांगी है। दौसा पुलिस अधीक्षक प्रहलाद कृष्णिया ने बुधवार को बताया कि 5-6 साल के एक बच्चे ने एक खेत से अमरूद तोड़ लिया था। खेत मालिक ने उसे पकड़कर प्रताड़ित किया। इसका एक वीडियो वायरल हो गया। हमने मामले की जांच की और पाया कि घटना लालसोट पुलिस थाना क्षेत्र के पंचोटा की ढाणी में घटित हुई थी।
लालसोट थाना प्रभारी अमित कुमार ने बताया कि पुलिस ने मासूम को प्रताड़ित करने का मामला दर्ज किया है। वीडियो में खेत मालिक बालक को एक पेड़ से बांधता दिख रहा है। वहीं खेत मालिक की पत्नी और अन्य लोग बच्चे के साथ मारपीट करते नजर आ रहे हैं।