राजस्थान के प्रतापगढ़ जिले में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए देवगढ़ थाना पुलिस और जिला विशेष टीम (डीएसटी) ने बड़ी खेप पकड़ी है। पुलिस ने एक सफेद स्कॉर्पियो से 429 किलो 200 ग्राम डोडाचूरा बरामद किया है। जब्त डोडाचूरा की अनुमानित कीमत करीब 64 लाख 38 हजार रुपये बताई गई है। गाड़ी की तलाशी में एक देसी पिस्टल, मैगजीन और दो जिंदा कारतूस भी मिले हैं। पुलिस की नाकाबंदी देखकर चालक स्कॉर्पियो को चालू हालत में छोड़कर पास के घने जंगल में फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश कर रही है।
नाकाबंदी देखकर स्कॉर्पियो मोड़कर भागने लगा चालक
देवगढ़ थाना अधिकारी कानाराम सिरवी पुलिस टीम के साथ पुंगा तालाब पुलिस चौकी के सामने नाकाबंदी कर रहे थे। इसी दौरान देवगढ़ की तरफ से एक सफेद रंग की स्कॉर्पियो आती दिखाई दी। पुलिस टीम को देखकर चालक ने गाड़ी को तुरंत ग्यासपुर फंटा की तरफ मोड़ दिया और भागने की कोशिश करने लगा।
पुलिसकर्मियों ने मुस्तैदी दिखाते हुए स्कॉर्पियो को आगे और पीछे से घेरकर रोकने का प्रयास किया। खुद को घिरता देख चालक गाड़ी को चालू हालत में ही छोड़कर पास के घने जंगल में भाग गया। पुलिस टीम ने जंगल में उसकी तलाश की, लेकिन अंधेरे और घनी झाड़ियों का फायदा उठाकर वह फरार होने में सफल रहा।
खलासी सीट के नीचे मिलीं तीन नंबर प्लेट, टूल बॉक्स में हथियार
चालक के फरार होने के बाद पुलिसकर्मियों ने स्कॉर्पियो की तलाशी ली। इस दौरान खलासी सीट के नीचे से तीन अलग-अलग नंबर प्लेट बरामद हुईं। वहीं, गाड़ी के टूल बॉक्स में एक देसी पिस्टल, मैगजीन और दो जिंदा कारतूस मिले।
पुलिस को स्कॉर्पियो की पिछली सीटों की जगह 24 प्लास्टिक के कट्टे रखे हुए मिले। इनकी जांच करने पर कुल 429 किलो 200 ग्राम डोडाचूरा बरामद हुआ। इसकी बाजार में अनुमानित कीमत करीब 64 लाख 38 हजार रुपये आंकी गई है।
फरार चालक की तलाश में जुटी पुलिस
पुलिस ने डोडाचूरा, अवैध हथियार, मैगजीन, दो जिंदा कारतूस, तीन नंबर प्लेट और स्कॉर्पियो को जब्त कर मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस टीम अब फरार चालक की पहचान करने और उसे गिरफ्तार करने के प्रयास कर रही है। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि डोडाचूरा कहां से लाया गया था और इसे कहां पहुंचाया जाना था।