पुलिस ने कार और तीन करोड़ रुपये जब्त किए।
- फोटो : अमर उजाला
राजस्थान के सिरोही जिले के मंडार थाना पुलिस ने एक कार से तीन करोड़ रुपये जब्त किए। इस दौरान पुलिस ने तीकार में सवार दो लोगों को गिरफ्तार किया है। जब्त की गई रकम को लेकर आरोपियों से पूछताछ की गई, लेकिन वे ना तो कोई दस्तावेज दिखा पाए और ना ही संतोषजनक जवाब दे पाए। इसके बाद पुलिस ने कार और रुपये जब्त कर आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
मंडार थाना अधिकारी भंवरलाल ने बताया कि रविवार सुबह करीब 10 बजे राज्य राजमार्ग के टोल प्लाजा पर नाकाबंदी की गई थी। इस दौरान पुलिस की टीम ने एक कार को रुकवा कर उसकी तलाशी की तो उसकी डिक्की में प्लास्टिक के डिब्बों में बंडल बनाकर रखी गईं नोटों की गड्डियां मिलीं।
पुलिस की टीम कार सवार दोनों युवकों को गिरफ्तार कर थाने लाई, जहां मशीन से नोटों की गिनती की गई तो वह तीन करोड़ रुपये निकले। पुलिस ने कार और रकम दोनों को जब्त कर लिया।
वहीं, गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान सुरेंद्र माधवलाल पटेल और निलेश कुमार अमृतलाल निवासी मेहसाणा के रूप में हुई। आरोपियों ने बताया कि वे रामदेवरा से जोधपुर होते हुए मंडार के रास्ते मेहसाणा जा रहे थे। पुलिस आरोपियों से रकम को लेकर पूछताछ कर रही है।