राजस्थान के चूरू जिले की तारानगर निवासी एक 18 वर्षीय हिंदू युवती को दिल्ली के इंदिरा गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट से उस वक्त दस्तयाब किया गया जब वह ओमान जाने वाली फ्लाइट में सवार होने वाली थी। पुलिस ने समय रहते कार्रवाई करते हुए युवती को विदेश भेजे जाने से बचा लिया। इस पूरे मामले का खुलासा चूरू एसपी जय यादव ने एक प्रेस वार्ता के दौरान किया।
सोशल मीडिया के जरिए फंसाया, विदेश में बेचने की थी साजिश
पुलिस के अनुसार, युवती को तारानगर निवासी मोहम्मद इस्लाम, जो वर्तमान में ओमान के मस्कट में रह रहा है, ने सोशल मीडिया के जरिए प्रेमजाल में फंसाया था। युवक ने उसका ब्रेनवॉश कर तीन महीने पहले उसका पासपोर्ट बनवाया और फिर उसे कैब के जरिए दिल्ली एयरपोर्ट तक पहुंचाया। योजना थी कि युवती को फ्लाइट के जरिए ओमान ले जाकर वहां बेच दिया जाए, लेकिन पुलिस ने समय रहते कार्रवाई करते हुए उसे बचा लिया।
MBC, दूतावास व दिल्ली पुलिस का सहयोग
यह कार्रवाई चूरू पुलिस, दिल्ली पुलिस, भारतीय दूतावास और मुस्लिम बुद्धिजीवी परिषद (MBC) के सहयोग से की गई। पुलिस ने फ्लाइट के उड़ान भरने से पहले युवती को एयरपोर्ट से दस्तयाब कर लिया। इसके बाद एसपी जय यादव स्वयं तारानगर पहुंचे और युवती को उसके परिजनों को सुपुर्द किया। मौके पर भाजपा नेता राकेश जांगिड़ और समाज के लोगों ने एसपी का साफा पहनाकर स्वागत भी किया।
यह भी पढ़ें: पायलट राजवीर सिंह की मौत के 13वें दिन मां के भी प्राण निकले, परिवार में शोक की लहर
भाई ने दी थी गुमशुदगी की रिपोर्ट
मामले की शुरुआत तब हुई जब युवती के भाई शुभम पुत्र विजय ने रिपोर्ट दर्ज करवाई कि उसकी बहन ऋषिका बिना बताए घर से चली गई है और साथ में एक लाख रुपये नकद व सोने-चांदी के आभूषण भी ले गई है। इसके बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दिल्ली पुलिस और दूतावास से संपर्क कर युवती का लोकेशन ट्रेस किया और उसे एयरपोर्ट से बरामद कर लिया।
एसपी की अपील – बच्चों पर रखें नजर
एसपी जय यादव ने मामले की जानकारी देते हुए कहा कि आज के समय में भोली-भाली लड़कियों को सोशल मीडिया के जरिए प्रेमजाल में फंसाया जा रहा है, उनका ब्रेनवॉश कर उन्हें गलत रास्तों पर धकेला जा रहा है। उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि वे अपने बच्चों को मोबाइल देने के साथ-साथ उनकी गतिविधियों पर भी निगरानी रखें। उन्होंने यह भी आश्वासन दिया कि मोहम्मद इस्लाम के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।