धौलपुर की सरमथुरा थाना पुलिस ने बीती रात कार्रवाई करते हुए एक बजरी माफिया को गिरफ्तार किया है। पांच दिन पूर्व बजरी माफिया नाकाबंदी के दौरान ट्रॉली को सड़क पर छोड़कर फरार हुआ था। आरोपी को गिरफ्तार कर पुलिस ने पूछताछ शुरू कर दी है।
थाना प्रभारी देवेंद्र शर्मा ने बताया कि वांछित अपराधी एवं बदमाशों की धरपकड़ के लिए ऑपरेशन सुदर्शन चक्र में चलाया जा रहा है। उन्होंने बताया 27 मई 2023 को थाना इलाके में बजरी माफिया को पकड़ने के लिए नाकाबंदी की गई थी। नाकाबंदी के दौरान एक बजरी माफिया ट्रॉली को सड़क पर छोड़कर मौके से फरार हो गया था। तब से उसकी तलाश की जा रही थी।
बीती रात मुखबिर की सूचना पर बजरी माफिया 25 वर्षीय बृजमोहन उर्फ बिज्जो पुत्र श्याम सिंह मीणा निवासी रीछरा को दबोच लिया गया है। उन्होंने बताया आरोपी के कब्जे से ट्रैक्टर भी बरामद हुआ है। आरोपी ट्रॉली को पूर्व में ही सड़क पर छोड़ कर फरार हुआ था। थाना प्रभारी ने बताया आरोपी के खिलाफ धारा 29/51 वन्य जीव संरक्षण अधिनियम एवं 41,42 फॉरेस्ट एक्ट में आपराधिक प्रकरण दर्ज किया है। बजरी माफिया को गिरफ्तार कर पुलिस ने पूछताछ शुरू कर दी है। उन्होंने बताया अनुसंधान में बजरी तस्करी के महत्वपूर्ण ठिकानों की जानकारी मिल सकती है।