राज्य के पूर्व उपमुख्यमंत्री सचिन पायलट ने बीकानेर में आयोजित कार्यक्रम के दौरान पेपर लीक मुद्दे को प्रमुखता से उठाया। उन्होंने कहा कि राजस्थान में बार-बार हो रही पेपर लीक की घटना से मैं आहत हूं। पेपर लीक की इन घटनाओं पर रोक लगनी चाहिए। उन्होंने कहा कि पेपर लीक में शामिल छोटे-छोटे दलालों के बजाय मास्टरमाइंड को पकड़ना ज्यादा जरूरी है। फिर चाहे वह कितना ही बड़ा क्यों न हो। ऐसे लोगों पर कार्रवाई होगी तभी युवाओं में एक संदेश जाएगा।
पायलट ने केंद्र सरकार पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि किसानों की आय दोगुनी करने के नाम पर सत्ता में आई भाजपा ने पेट्रोल, डीजल की कीमत बढ़ाकर किसानों की कमर तोड़ दी। कृषि से जुड़े तीन काले कानून बनाकर वापस लेना सरकार की नीतियों की पोल खोलता है। सरकार ने एमएसपी पर कानून बनाने की बात कही थी, लेकिन आज तक नहीं बना पाई। उन्होंने कहा कि राजस्थान में जिस तरह से पांच वर्ष के लिए एक बार कांग्रेस, एक बार बीजेपी सरकार का जो ट्रेंड है हमें उस मिथक को तोड़ना होगा। इसके लिए हमें एकजुट होकर काम करना होगा। जनता का आशीर्वाद हमें तभी मिलेगा, जब हम एकजुट होंगे।
देश में सिर्फ नफरत का माहौल बनाया जा रहा
सचिन पायलट ने राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा का जिक्र करते हुए कहा कि मौजूदा वक्त में देश में सिर्फ नफरत का माहौल बनाया जा रहा है। धर्म, भाषा, प्रांतवाद के नाम पर देश को बांटने का काम किया जा रहा है। राहुल गांधी उसके खिलाफ भारत जोड़ो यात्रा निकाल रहे हैं। पूरे देश में इस यात्रा का काफी अच्छा संदेश गया है। वह राजस्थान में साढ़े 300 किलोमीटर पैदल चले और उनका मकसद था कि देश में एकजुटता बनी रहे। देश की एकता, अखंडता के लिए कांग्रेस पार्टी 26 जनवरी से हाथ से हाथ जोड़ो अभियान शुरू करेगी, यह अभियान ब्लॉक लेवल से लेकर प्रदेश स्तर तक चलेग।
हमने कड़ी मेहनत की है
उन्होंने पश्चिमी राजस्थान के दौरे पर कहा कि मैं प्रदेश कांग्रेस का साढ़े छह साल तक अध्यक्ष रहा हूं। मैंने उस समय कांग्रेस की बागडोर संभाली, जब कांग्रेस राजस्थान में 21 विधायकों की पार्टी रह गई थी। हमने कड़ी मेहनत की और जनता का आशीर्वाद मिला। इस दौरान पार्टी कार्यकर्ताओं का जुड़ाव रहा और बीकानेर संभाग भी इससे अछूता नहीं रहा। आज भी मुझे वही प्यार मिल रहा है। सचिन पायलट के बीकानेर पहुंचने पर युवा कांग्रेस नेताओं ने उन्हें घेर लिया कांग्रेस नेता गजेंद्र सिंह सांखला राजकुमार किराडू अरुण व्यास सुशीला सींवर, गजानंद शर्मा आदि कार्यकर्ताओं ने पायलट से मुलाकात की। हालांकि इस दौरान बीकानेर जिले के वरिष्ठ कांग्रेसी नेता नदारद रहे।