राजधानी जयपुर के नजदीक गुरूवार शाम भूकंप के झटके महसूस किये गये। शाहपुरा और आस-पास के क्षेत्र में यह भूकंप के झटके आए। भूकंप से क्षेत्र के नयाबास गांव में दो दर्जन मकानों में दरारे आ गईं। मौसम विभाग के अनुसार भूकंप का केंद्र जिले का शाहपुरा कस्बा रहा।
नई दिल्ली के राष्ट्रीय भूकम्पमापी केंद्र के अनुसार शाम 6:30:56 बजे रिक्टर स्केल पर 3.6 तीव्रता का भूकंप दर्ज किया गया। इसका केंद्र जयपुर के पूर्वी क्षेत्र में 27.50 अक्षांश व 76.20 देशान्तर पर धरती में पांच किमी. नीचे था। सीकर के गणेश्वर क्षेत्र में 7.10 बजे दूसरा झटका महसूस किया गया।
नीमकाथाना, जमवारामगढ़ व आस-पास क्षेत्र के साथ दिल्ली तक झटके महसूस किए गए। राजधानी में आमेर, सोढाला, महेश नगर, जौहरी बाजार, वैशाली नगर, प्रताप नगर, टोंक रोड, महावीर नगर, वीकेआई सहित कई क्षेत्रों में लोग भूकंप से दहशत में आ गए। डेढ़ साल में जयपुर में छठी बार भूकंप के झटके आये हैं।