राजस्थान के उदयपुर सहित कई जिलों में रविवार सुबह से रिमझिम और झमाझम बारिश हो रही है, जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिली है और मौसम सुहावना बना हुआ है। मौसम विभाग ने अगले 4 दिनों तक बारिश की संभावना जताते हुए येलो अलर्ट जारी किया है।
राजस्थान के उदयपुर सहित कई जिलों में रविवार सुबह से रिमझिम बारिश का सिलसिला जारी है। लेकसिटी में झमाझम बारिश के चलते मौसम खुशनुमा बना हुआ है और लोगों को भीषण गर्मी से बड़ी राहत मिली है। बादल छाए रहने और धूप न निकलने के कारण तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई है। मौसम विभाग ने आगामी 4 दिनों तक प्रदेश के कई जिलों में बारिश की संभावना जताई है और येलो अलर्ट जारी किया है। रविवार को भी राज्य के 24 जिलों के लिए भारी बारिश की चेतावनी दी गई है।
विज्ञापन
उदयपुर में लगातार बारिश का सिलसिला
उदयपुर के विभिन्न इलाकों में सुबह से रुक-रुककर रिमझिम बारिश हो रही है। शनिवार को भी शहर में दिनभर बारिश का दौर बना रहा, जिससे न सिर्फ मौसम ठंडा हुआ बल्कि पानी की भी अच्छी आवक देखने को मिली।
बरसात के आंकड़े औसत से 155% ज्यादा
राज्य में 1 जून से 28 जून तक सामान्य से 155% ज्यादा वर्षा रिकॉर्ड की गई है। इस अवधि में जहां सामान्यत: 43.3 मिमी बारिश होती है, वहीं इस साल अब तक कुल 110.3 मिमी वर्षा हो चुकी है। यह आंकड़ा मानसून की सक्रियता और वर्षा की तीव्रता को दर्शाता है। मौसम विभाग के अनुसार आगामी दिनों में भी प्रदेश के दक्षिणी और पूर्वी हिस्सों में बारिश की गतिविधियां जारी रहेंगी।