सफारी का नया रूट शुरू करने पहुचे मंत्री टीकाराम जूली और अधिकारी।
- फोटो : Social Media
जिले में मूकबधिर बालिका के साथ हुए गैंगरेप के विरोध में हजारों लोग विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं। बीते दिन शनिवार को संघर्ष समिति ने जिले को बंद करने का आह्वान किया तो व्यापारियों, दुकानदार और आम लोगों ने भी बंद का समर्थन किया। वहीं दूसरी तरफ जिन पर पीड़िता को न्याय दिलवाने की जिम्मेदारी है, वे बाला किला बफर जोन में सफारी का आनंद ले रहे हैं। सफारी में घूमते हुए मंत्री और अधिकारियों का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
सरकार और उसके मंत्री पीड़िता को न्याय दिलवाने के बड़े-बड़े दावे कर रहे हैं। पुलिस व जिला प्रशासन के अधिकारी भी केस की जांच गंभीरता से करने की बात कह रहे हैं, लेकिन अब तक कुछ होता नजर नहीं आ रहा है। दूसरी तरफ बाला किला बफर जोन में शनिवार को सफारी का नया रूट शुरू किया गया है। इस दौरान जिला कलेक्टर नन्नू मल पहाड़िया, पुलिस अधीक्षक तेजस्विनी गौतम और मंत्री टीकाराम जूली सफारी का आनंद लेते हुए नजर आए।
वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल
मंत्री और अधिकारियों का गाड़ी में सफारी का आनंद लेते हुए एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। लोग इस पर कमेंट कर प्रशासन और सरकार की जमकर आलोचना कर रहे हैं। बतादें कि इस मामले को लेकर सरकार और प्रशासन पर पहले ही गंभीर आरोप लग चुके हैं। जिस जगह पर पीड़िता सबसे पहले मिली सबूत मिटाने के लिए वहां सफाई करा दी गई। पुलिस पर इस वारदात को हादसे के रूप देने के आरोप भी लग रहे हैं।